कैंची धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब,चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल रहा तैनात
कैंची धाम के 62वें स्थापना दिवस पर हजारों भक्तों ने बाबा नीब करौरी महाराज के दरबार में लगाई हाजिरी
कैंचीधाम/नैनीताल। विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम में आज 62वें स्थापना दिवस के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सोमवार तड़के सुबह से ही बाबा नीब करौरी महाराज के भक्तों का मंदिर परिसर में पहुंचना शुरू हो गया। दोपहर तक करीब 20 हजार से अधिक भक्तों ने कैंचीधाम पहुंचकर बाबा के दर्शन किए। भक्तों की आस्था और उत्साह का आलम यह रहा कि रातभर श्रद्धालु मंदिर के बाहर कतारों में अपनी बारी का इंतजार करते रहे। स्थापना दिवस कार्यक्रम की शुरुआत सोमवार सुबह पांच बजे बाबा नीब करौरी महाराज को पारंपरिक रूप से मालपुए का भोग अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के कपाट खोले गए और उन्हें व्यवस्थित तरीके से दर्शन कराए गए। बाबा के जयकारों और ‘जय श्री राम’ के उद्घोष से पूरा कैंची धाम भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो उठा। सुबह छह बजे के बाद भवाली की ओर से लगभग एक किलोमीटर लंबी कतार लग गई। मंदिर समिति के सेवादार श्रद्धालुओं को महाप्रसाद के रूप में मालपुए वितरित कर रहे हैं। दर्शन के बाद श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण कर बाबा का आशीर्वाद लेकर वापस लौट रहे हैं।श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी सुबह पांच बजे से ही मौके पर मौजूद रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात किया गया है, जबकि अधिकारियों द्वारा श्रद्धालुओं को सुगमता और सुरक्षा के साथ दर्शन कराने के लिए लगातार व्यवस्थाओं का जायजा लिया जा रहा है। देश-विदेश में लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बने कैंची धाम में स्थापना दिवस के अवसर पर हर वर्ष बड़ी संख्या में भक्त पहुंचते हैं। इस वर्ष भी बाबा के दर्शन के लिए उमड़ी भीड़ ने एक बार फिर उनकी लोकप्रियता और श्रद्धालुओं की अटूट आस्था को प्रदर्शित किया है।


बुलेट से व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे कप्तान मंजूनाथ टीसी
भवाली। बाबा नीब करौरी महाराज के प्रसिद्ध कैंची धाम स्थापना दिवस पर उमड़े श्रद्धालुओं के जनसैलाब के बीच नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर अभूतपूर्व तैयारियां की हैं। लाखों श्रद्धालुओं की आवाजाही के बीच वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. स्वयं मैदान में उतरकर व्यवस्थाओं की निगरानी करते नजर आए।एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार होकर लगातार क्षेत्र का भ्रमण करते रहे और विभिन्न चौराहों, बैरियरों तथा संवेदनशील स्थलों पर पहुंचकर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। उन्होंने डड्ढूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। कैंची धाम क्षेत्र में स्थापित कंट्रोल रूम से आधुनिक तकनीक और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से प्रत्येक गतिविधि पर चौबीसों घंटे नजर रखी जा रही है। पुलिस अधिकारी लगातार मॉनिटरिंग कर भीड़ प्रबंधन, यातायात संचालन और सुरक्षा व्यवस्था को सुचारू बनाए हुए हैं।श्रद्धालुओं को आवश्यक जानकारी और दिशा-निर्देश देने के लिए सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली ;पीए सिस्टमद्ध का भी प्रभावी उपयोग किया जा रहा है। पुलिस कर्मी लगातार श्रद्धालुओं को पार्किंग, आवागमन और दर्शन व्यवस्था संबंधी जानकारी उपलब्ध करा रहे हैं, जिससे भीड़ के बावजूद व्यवस्थाएं सुचारू बनी हुई हैं।एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम दर्शन सुनिश्चित करना पुलिस की सर्वाेच्च जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरी निष्ठा और सतर्कता के साथ अपनी डड्ढूटी निभा रहे हैं। स्थापना दिवस के अवसर पर पुलिस की सक्रियता और कप्तान की जमीनी मौजूदगी ने श्रद्धालुओं में सुरक्षा का भरोसा मजबूत किया है। श्रद्धालुओं ने भी नैनीताल पुलिस की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए सुचारू यातायात और सुरक्षा प्रबंधन के लिए पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

