एसी फटने से शराब की दुकान में भड़की आग
रामनगर (उद संवाददाता)। रामनगर काशीपुर राष्ट्रीय राजमार्ग 309 पर रिलायंस पेट्रोल पंप के समीप स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान लीकर किला में रविवार सुबह अचानक आग लगने से अफरा तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुकान में लगा एसी फटने से आग भड़की। घटना के समय दुकान के अंदर मौजूद कर्मचारियों ने बाहर निकलकर अपनी जान बचाई और तत्काल दुकान स्वामी व अग्निशमन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से आग आसपास की दुकानों तक नहीं फैल सकी और बड़ा हादसा टल गया। अग्निशमन विभाग के कर्मी भूपेंद्र मेहता ने बताया कि प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण एसी में विस्फोट होना प्रतीत हो रहा है। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर नियंत्रण पा लिया, जिससे नुकसान सीमित रहा। हालांकि अभी तक क्षति का आकलन नहीं किया जा सका है। दुकान स्वामी से जानकारी मिलने के बाद नुकसान का मूल्यांकन किया जाएगा। आग बुझने के बाद कर्मचारियों और आसपास के लोगों ने राहत की सांस ली। अग्निशमन विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
