कार्यकर्ताओं के वाहन रोकने से भड़के कांग्रेस नेता, एसएसपी पर बरसे
विरोध में कांग्रेसियों ने पुलिस कार्यालय में किया धरना प्रदर्शन
हल्द्वानी । कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की आज यहां रामलीला मैदान में आयोजित जनसभा में शामिल होने के लिए निकटवर्ती शहरों व पर्वतीय क्षेत्रों से आ रहे कार्यकर्ताओं के वाहनों को मार्ग में पुलिस द्वारा चैकिंग के नाम पर रोके जाने की जानकारी मिलने पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भड़क उठे और वह सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ एसएसपी के विरू( नारेबाजी करते हुए जुलूस की शक्ल में पुलिस कार्यालय आ धमके। जहां उन्होंने एसएसपी पर आरोपों की झड़ी लगाते हुए मार्ग में रोके गये सभी वाहनों को तत्काल रवाना करने को कहा अन्यथा पुलिस कार्यालय में ही आज की जनसभा करने की चेतावनी दी। सभी नेताओं ने पुलिस कार्यालय में धरना शुरू कर दिया। जानकारी मिलने पर एसपी यातायात व अपराध डा. जगदीश चन्दवहां पहुंचे और उन्होंने नेतागणों से बातचीत कर मार्ग में तैनात पुलिसकर्मियों को कार्यकर्ताओं के वाहनों को न रोकने के सेट पर निर्देश दिये। जिसके बाद सभी नेतागण पुलिस कार्यालय से वापस लौटे। इससे पूर्व आज कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेता जब जनसभा की तैयारियों में रामलीला मैदान में जुटे हुए थे तो उन्हें कई कार्यकर्ताओं ने फोन पर बताया कि मार्ग में पुलिसकर्मियों द्वारा उनके वाहनों को जबरन रोका जा रहा है। इसकी जानकारी मिलने पर प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा आदि वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं की अगुआई में सैकड़ों कार्यकर्ता एसएसपी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जुलूस की शक्ल में पुलिस कार्यालय जा धमके और उन्होंने एसएसपी को बुलवाने की मांग की। सभी को वहां तैनात पुलिसकर्मियों ने रोकने का प्रयास किया परंतु इस दौरान नेताओं के साथ कार्यकर्ता एसएसपी के विरू( भाजपा सोच की मानसिकता के साथ सरकारी एजेन्ट बनकर कार्य करने सहित अन्य कई आरोपों की झड़ी लगाकर नारेबाजी करते रहे। कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने एसपी कार्यालय परिसर में धरना शुरू कर दिया। जानकारी मिलने पर एसपी यातायात व अपराध डा. जगदीश चन्द्र मौके पर पहुंचे और उन्होंने कांग्रेस नेताओं से बातचीत की। उन्हें बताया गया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे की जनसभा में रूद्रपुर, गदरपुर, काशीपुर, किच्छा, नानकमता, सितारगंज, खटीमा, चोरगलिया, रामनगर सहित तमाम पर्वतीय क्षेत्रों से कार्यकर्ता हल्द्वानी आ रहे हैं परंतु मार्ग में तैनात पुलिसकर्मियों द्वारा बसों व अन्य निजी वाहनों में कुछ अराजक तत्वों के होने की बात कहकर जबरन रोका जा रहा है। यह सब प्रदेश सरकार के इशारों पर एसएसपी के निर्देश पर किया जा रहा है। उन्होंने कहा यदि वाहनों को तत्काल रवाना नहीं किया गया तो आज की जनसभा यहां पर ही आयोजित कर दी जायेगी। जिसके बाद एसपी डा. जगदीश चन्द्र ने सेट पर मार्ग में मौजूद पुलिसकर्मियों को कार्यकर्ताओं के वाहन न रोकने के निर्देश दिये। कांग्रेस नेताओं द्वारा इसकी पुष्टि की गई और इसके बाद एसपी कार्यालय से आयोजन स्थल रामलीला मैदान की ओर रवाना हुए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार कांग्रेस की जनसभा से घबरा गई है और इसे फेल करने के लिए हर हथकंड़े अपना रही है। लेकिन कार्यकर्ताओं में जनसभा को लेकर भारी जोश देखा जा रहा है। रूद्रपुरः रुद्रपुर से कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की हल्द्वानी में होने वाली जनसभा में आ रही बसों की पंतनगर मोड़ पर चेकिंग के दौरान पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल और पुलिस अधिकारियों के बीच जमकर झड़प हो गई। पूर्व विधायक ने पुलिस अधिकारियों पर भाजपा का एजेंट बनकर काम करने और जानबूझकर बसों को जनसभा में जाने से रोकने का आरोप लगाया है।

