Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

पद्म भूषण से सम्मानित होने पर कोश्यारी को बधाई देने पहुंचे धामी

देहरादून । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को पूर्व मुख्यमंत्री एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी के आवास पहुंचकर उन्हें भारत सरकार की ओर से देश के प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान पद्म भूषण से सम्मानित किए जाने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि भगत सिंह कोश्यारी को पप्र भूषण से सम्मानित किया जाना न केवल उत्तराखण्ड बल्कि पूरे देश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनके दशकों लंबे सार्वजनिक जीवन, राष्ट्रसेवा, सामाजिक सरोकारों तथा जनकल्याण के प्रति समर्पित योगदान की राष्ट्रीय स्तर पर मिली स्वीकृति है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भगत सिंह कोश्यारी ने अपने राजनीतिक और सार्वजनिक जीवन में सदैव जनसेवा, सादगी तथा राष्ट्रहित को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी है। उत्तराखण्ड राज्य आंदोलन से लेकर राज्य के विकास और राष्ट्र निर्माण की विभिन्न जिम्मेदारियों के निर्वहन में उनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है। उन्होंने कहा कि एक जनप्रतिनिधि, मुख्यमंत्री, सांसद, राज्यपाल और सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में कोश्यारी ने जो आदर्श स्थापित किए हैं, वे नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। धामी ने कहा कि भगत सिंह कोश्यारी का जीवन संघर्ष, सेवा और समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक पहचान को सशक्त बनाने, सामाजिक चेतना को मजबूत करने और विकास के विभिन्न आयामों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका अनुभव, मार्गदर्शन और राष्ट्र के प्रति समर्पण समाज को निरंतर प्रेरित करता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *