August 17, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

सीएम धामी का कड़ा संदेश : जिहादी और हिंसक मानसिकता को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा

योजनाओं के लाभार्थियों से रूबरू हुए सीएम धामी: केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियां गिनाईं
खटीमा (उद संवाददाता)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को खटीमा में आयोजित जन जन की सरकार, मुख्य सेवक आपके द्वार कार्यक्रम का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों एवं स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए विकास एवं जनकल्याण संबंधी स्टॉलों का अवलोकन कर सरकारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित महिलाओं से संवाद कर उनके अनुभव भी जाने और स्वयं सहायता समूह द्वारा संचालित फूड ट्रक का फीता काटकर शुभारंभ किया। कार्यक्रम में सीएम धामी ने प्रदेश में कानून व्यवस्था को लेकर अपराधियों को कड़ा संदेश भी दिया। सीएम धामी ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की शांति और सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ने की कोशिश करने वाली जिहादी और हिंसक मानसिकता को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।कल देहरादून में हुई घटना की जितनी निंदा की जाए उतनी कम है, जो लोग कानून को चुनौती देने का दुस्साहस करेंगे, उन्हें ऐसा दंड मिलेगा कि भविष्य में कोई भी ऐसी हरकत करने से पहले हजार बार सोचेगा।कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के पहुंचते ही मातृशक्ति, युवाओं और स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा, जयघोष और गर्मजोशी के साथ उनका स्वागत किया। पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं और आम जनता का जनसैलाब उमड़ पड़ा तथा पूरा परिसर खचाखच भरा रहा। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आज देश और उत्तराखंड एक स्वर्णिम कालखंड से गुजर रहे हैं। उन्होंने कहा कि दस बारह वर्ष पहले शायद ही किसी ने कल्पना की होगी कि देश में इतने बड़े और ऐतिहासिक परिवर्तन देखने को मिलेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों का दौर भारत के इतिहास में साहस, संकल्प और सिद्धि का कालखंड बनकर उभरा है। प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व और दृढ़ इच्छाशक्ति के कारण देश ने विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ है और अनेक ऐसे कार्य हुए हैं, जो दशकों तक अधूरे पड़े थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों की यात्रा केवल किसी सरकार की उपलब्धियों का विवरण नहीं है, बल्कि यह भारत के पुनरुत्थान, राष्ट्र के स्वाभिमान और गरीब कल्याण के नए युग की कहानी है। केंद्र सरकार ने समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से योजनाएं तैयार कीं और उन्हें पूरी पारदर्शिता के साथ धरातल पर उतारा। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सशक्तीकरण, युवाओं को अवसर उपलब्ध कराने, किसानों की आय बढ़ाने और गरीबों के जीवन स्तर में सुधार लाने के लिए अनेक योजनाएं संचालित की गई हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार बनने से पहले देश बड़े बड़े घोटालों के कारण बदनाम था और वैश्विक मंचों पर भारत की स्थिति कमजोर मानी जाती थी। देश अपने हितों को प्रभावी ढंग से दुनिया के सामने नहीं रख पाता था, लेकिन पिछले 12 वर्षों में भारत ने विश्व पटल पर अपनी अलग पहचान बनाई है। आज भारत आत्मविश्वास के साथ अपने राष्ट्रीय हितों की रक्षा करता है और पूरी दुनिया भारत की ताकत को स्वीकार कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी सरकार ने कई ऐसे साहसिक निर्णय लिए, जिनसे देश के दशकों पुराने घाव भरने का काम हुआ। गरीब, वंचित और जरूरतमंद वर्ग को सरकार की योजनाओं का सीधा लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि पहले की सरकारें केवल गरीबी हटाने के नारे देती थीं, लेकिन गरीबों के जीवन में अपेक्षित बदलाव नहीं आ पाया। इसके विपरीत वर्तमान सरकार ने पिछले 12 वर्षों में लगभग 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकालने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से गरीब परिवारों को पांच लाख रुपये तक की निशुल्क उपचार सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे लाखों परिवारों को आर्थिक राहत मिली है। इसी प्रकार प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, हर घर जल योजना, स्वच्छ भारत अभियान, जनधन योजना और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं ने आम नागरिक के जीवन में व्यापक परिवर्तन लाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले देश की सड़कें, आधारभूत सुविधाएं और संपर्क व्यवस्था किस स्थिति में थीं, यह हर नागरिक जानता है। आज देश में आधुनिक राजमार्ग, एक्सप्रेसवे, रेलवे, हवाई अîóे और डिजिटल सुविधाओं का तेजी से विस्तार हुआ है। भारत अब दुनिया की सबसे तेज गति से विकसित होती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान स्थापित कर चुका है। उन्होंने कहा कि आज का नया भारत आतंकवाद के खिलाफ कठोर नीति अपनाता है और आवश्यकता पड़ने पर आतंकवादियों को उनके घर में घुसकर जवाब देने की क्षमता रखता है। भारत की सीमाएं पहले की अपेक्षा कहीं अधिक सुरक्षित और मजबूत हुई हैं तथा अब कोई भी देश भारत की ओर गलत नजर उठाने का साहस नहीं कर सकता। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड भी विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। डबल इंजन सरकार की नीतियों के कारण राज्य में आधारभूत ढांचे का तेजी से विकास हुआ है। सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन, पेयजल, कृषि और रोजगार जैसे क्षेत्रें में उल्लेखनीय कार्य किए जा रहे हैं। राज्य सरकार पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया, सख्त नकल विरोधी कानून, समान नागरिक संहिता और महिलाओं के सशक्तीकरण जैसे ऐतिहासिक निर्णय लेकर प्रदेश को नई दिशा देने का कार्य कर रही है। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। स्वयं सहायता समूह ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ साथ महिला सशक्तीकरण का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। सरकार महिलाओं को स्वरोजगार, विपणन, प्रशिक्षण और वित्तीय सहायता उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की महिलाएं आज विभिन्न क्षेत्रें में उत्कृष्ट कार्य कर राज्य का नाम रोशन कर रही हैं। मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन करते हुए अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली तथा निर्देश दिए कि सरकार की प्रत्येक योजना का लाभ पात्र व्यक्ति तक समयबद्ध और पारदर्शी ढंग से पहुंचे। उन्होंने लाभार्थियों से संवाद कर योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी भी प्राप्त की। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रदर्शनी लोगों के आकर्षण का केंद्र रही। बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने विभिन्न स्टॉलों पर जाकर योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा अधिकारियों से संवाद किया। स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पादों और स्थानीय स्वरोजगार गतिविधियों को भी लोगों ने सराहा। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, जिलाधिकारी नितिन भदौरिया, पालिकाध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, दर्जा राज्य मंत्री रणजीत सिंह नामधारी, दर्जा मंत्री किशन सिंह, सांसद प्रतिनिधि रविंद्र सिंह राणा, पूर्व विधायक प्रेम सिंह राणा, मंडी परिषद अध्यक्ष अनिल कपूर डब्बू, जिला पंचायत सदस्य सूरज धामी, नानकमत्ता नगर पंचायत अध्यक्ष प्रेम सिंह टुरना, मनोज शाही सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *