पिथौरागढ़ जिला अस्पताल पहुंचे मुख्यमंत्री धामी ने मरीजों का जाना हाल
पिथौरागढ़ । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पिथौरागढ़ भ्रमण कार्यक्रम के समापन के बाद गुरुवार को जिला अस्पताल बी डी पाण्डेय पहुंचकर अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने इमरजेंसी एवं चिल्ड्रन वार्ड का निरीक्षण कर भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से मुलाकात की तथा मरीजों का हालचाल जाना। मुख्यमंत्री ने मरीजों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना भी की।निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं और उपचार व्यवस्था की जानकारी अधिकारियों से ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मरीजों को बेहतर उपचार के साथ सभी आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है और किसी भी मरीज को उपचार के अभाव में परेशानी नहीं होने दी जाएगी।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मरीजों के परिजनों को आश्वस्त करते हुए कहा कि यदि किसी प्रकार की समस्या या दिक्कत सामने आती है तो वे जिलाधिकारी आशीष भटगाईं के माध्यम से अपनी बात सीधे उन तक पहुंचा सकते हैं। मुख्यमंत्री के आत्मीय व्यवहार और संवेदनशीलता से अस्पताल में मौजूद मरीजों और उनके परिजनों में विश्वास और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
