विकास योजनाओं के लिए 1096 करोड़ की दी स्वीकृति
देहरादून । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य की विभिन्न विकास योजनाओं, शिक्षा, पर्यटन, शहरी एवं ग्रामीण निकायों तथा कुम्भ मेला 2027 से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिए कुल 1096 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। मुख्यमंत्री द्वारा विभिन्न विभागों और योजनाओं के लिए धनराशि अवमुक्त किए जाने से विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।मुख्यमंत्री ने राज्य योजना के अंतर्गत जनपद नैनीताल के विधानसभा क्षेत्र कालाढूंगी में कोटाबाग के पतलिया स्थित गुरूणी नाले पर पुल निर्माण के लिए 9.43 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। इसके अलावा विकासखंड रामगढ़ में मोहन बाजार मुक्तेश्वर में कार पार्किंग निर्माण कार्य हेतु 9.89 करोड़ रुपये की मंजूरी देते हुए प्रथम किश्त के रूप में 3.95 करोड़ रुपये जारी किए जाने का अनुमोदन भी प्रदान किया गया है।छठवें राज्य वित्त आयोग के अंतर्गत मुख्यमंत्री द्वारा समस्त शहरी स्थानीय निकायों को वित्तीय वर्ष 2026 27 की प्रथम त्रैमासिक किश्त के रूप में 328.27 करोड़ रुपये तथा तीन गैर निर्वाचित निकायों को प्रथम छमाही किश्त के लिए 3 करोड़ रुपये, कुल 331.27 करोड़ रुपये अवमुक्त किए जाने की स्वीकृति दी गई है।इसी क्रम में त्रिस्तरीय पंचायतीराज संस्थाओं के लिए जिला पंचायतों को प्रथम त्रैमासिक किश्त के रूप में 82.20 करोड़ रुपये, क्षेत्र पंचायतों को 75.46 करोड़ रुपये तथा ग्राम पंचायतों को 194.61 करोड़ रुपये जारी किए जाने का अनुमोदन प्रदान किया गया। इस प्रकार पंचायतीराज संस्थाओं के लिए कुल 352.27 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।मुख्यमंत्री ने प्रारम्भिक शिक्षा के अंतर्गत अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों के कार्मिकों के वेतन भुगतान के लिए वित्तीय वर्ष 2026 27 में प्रावधानित 160 करोड़ रुपये के सापेक्ष प्रथम किश्त के रूप में 80 करोड़ रुपये जारी करने की मंजूरी दी है। वहीं माध्यमिक शिक्षा के अंतर्गत प्रथम छह माह के लिए प्रावधानित धनराशि के सापेक्ष 300 करोड़ रुपये की प्रथम 50 प्रतिशत धनराशि अवमुक्त किए जाने का अनुमोदन भी प्रदान किया गया है। कुम्भ मेला 2027 की तैयारियों के तहत मुख्यमंत्री ने हरिद्वार में विभिन्न स्थायी विकास कार्यों के लिए भी धनराशि स्वीकृत की है। इसमें शंकराचार्य चौक, देवपुरा चौक, चन्द्राचार्य चौक एवं आर्यनगर चौक के आंतरिक मार्गों तथा बैरियर से गुगाल मंदिर मार्ग के नवीनीकरण कार्य हेतु 6.44 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा रानीपुर मोड़, शंकर आश्रम, शिव मूर्ति चौक और झंडा चौक के जंक्शन सुधार एवं सौंदर्यीकरण के लिए 6.83 करोड़ रुपये तथा डीजल संचालित सेल्फ प्रोपेल्ड वैक्यूम आधारित ईवी रोड स्वीपिंग मशीनों की आपूर्ति और कमीशनिंग के लिए 5.95 करोड़ रुपये की धनराशि जारी किए जाने का अनुमोदन दिया गया है।
