कैंटर की टक्कर से बाइक बनी आग का गोला,युवक की मौत
हल्द्वानी (उद संवाददाता)। निकटवर्ती ग्राम गोरा पड़ाव में राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार को प्रातः हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में रोंग साइड से आ रहे तेज रफ्तार केंटर ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक काफी दूरी तक केंटर के साथ घिसटती गई और उसमें तुरंत आग लग गई और देखते ही देखते वह पूरी तरह जलकर खाक हो गई। इस घटना में बाइक सवार लालकुआं वार्ड नंबर-4, मस्जिद मोहल्ला निवासी दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को स्थानीय लोगों ने उपचार के लिए तत्काल हल्द्वानी अस्पताल पहुंचाया। जहां एक युवक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। जबकि दूसरे युवक की हालत गंभीर बताई है। बताया जाता है कि केंटर संख्या यूके 04 सीसी 0462 हल्द्वानी से लालकुआं की ओर रोंग साइड में आ रहा था। गोरापड़ाव पेट्रोल पंप के पास उसकी सामने से आ रही बाइक संख्या यूके 04 टी 1532 से आमने-सामने भिड़ंत हो गई।टक्कर के तुरंत बाद बाइक के कुछ दूरी तक घिसटने के बाद उसमें भीषण आग लग गई। इस दुर्घटना में वार्ड चार लालकुआं निवासी 20 वर्षीय अयान खान पुत्र शमशेर खान व सिद्धार्थ सिंह पुत्र वीर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।लोगों ने बाइक सवार दोनों युवकों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। जहां सिद्धार्थ ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलने पर कुछ ही देर में स्थानीय पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई। फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद बाइक में लगी आग पर काबू पाया।पुलिस ने केंटर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण केंटर चालक द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन करते हुए गलत दिशा में वाहन चलाना माना जा रहा है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाऊस भिजवाया। घटना से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
