डंपर की टक्कर से बाइक सवार की मौत, महिला घायल
गैबुआ के पास हादसा, घायल महिला को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर
रामनगर (उद संवाददाता)। हल्द्वानी रामनगर मार्ग पर गैबुआ के समीप शुक्रवार सुबह एक डंपर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस दोनों को रामनगर के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार ग्राम पदमपुरी डोल गैबुआ निवासी 30 वर्षीय कमलेश आर्य शुक्रवार सुबह बैलपड़ाव की ओर से अपने घर गैबुआ लौट रहा था। बताया जा रहा है कि घर से कुछ दूरी पहले गैबुआ के समीप एक तेज रफ्तार डंपर ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के समय कमलेश की बाइक पर ग्राम कमोला निवासी बसंती थापा भी सवार थीं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बसंती ने रास्ते में लिफ्ट मांगी थी और वह ग्राम छोई स्थित अपने रिश्तेदार के यहां जा रही थीं। दुर्घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों को संयुक्त चिकित्सालय रामनगर ले जाया गया। अस्पताल में चिकित्सक डॉ- हर्ष ने कमलेश आर्य को परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल बसंती थापा को प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। अस्पताल प्रशासन ने घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दे दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई शुरू कर दी है तथा दुर्घटना के बाद फरार बताए जा रहे डंपर चालक की तलाश की जा रही है। मामले की जांच जारी है
