बेहड़ ने 35.64 लाख की लागत से बनी सड़कों का किया लोकार्पण
किच्छा । विधानसभा क्षेत्र किच्छा के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में कनेक्टिविटी को मजबूत करने और आवागमन को सुगम बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। क्षेत्र के ग्राम आनंदपुर एवं ग्राम गौरीकला में कुल घ्35.64 लाख की लागत से पूरे हुए विभिन्न सड़क निर्माण कार्यों का भव्य लोकार्पण किया गया। इन विकास कार्यों के धरातल पर उतरने से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को जहां कीचड़ और बदहाल रास्तों से मुक्ति मिलेगी, वहीं क्षेत्र के विकास को भी एक नई गति मिलेगी। लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान पहुंचे क्षेत्रीय विधायक तिलकराज बेहड़ का ग्रामीणों ने जोरदार स्वागत किया और विकास कार्यों के लिए आभार जताया। लोकार्पण कार्यक्रमों की श्रृंखला में विधायक तिलकराज बेहड़ के प्रयासों से मंडी समिति योजना के तहत ग्राम आनंदपुर में 21.79 लाख की भारी-भरकम लागत से निर्मित कराई गई 250 मीटर लंबी सीसी सड़क जनता को समर्पित की गई। इसके अतिरिक्त लोक निर्माण विभाग के माध्यम से ग्राम आनंदपुर में ही 2.50 लाख की लागत से पूरे हुए 50 मीटर सड़क निर्माण कार्य का भी लोकार्पण किया गया। ग्रामीण क्षेत्रों की आंतरिक गलियों को जोड़ने के लिए विधायक निधि का भी बेहतर उपयोग किया गया है, जिसके तहत ग्राम आनंदपुर के नारायण करौली में 2.52 लाख की लागत से सीसी रोड का निर्माण कराया गया। साथ ही ग्राम गौरीकला में हरदयानंद के घर से पुलिया तक तथा मंदिर मोड़ से भगवान दास के घर तक सड़क निर्माण कार्य भी विधायक निधि के अंतर्गत कराया जा रहा है, जिसकी कुल लागत 8.83 लाख है। इस अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए विधायक तिलकराज बेहड़ ने कहा कि क्षेत्र की जनता ने वर्षों तक मूलभूत सुविधाओं की कमी झेली है, लेकिन अब लगातार विकास कार्यों के माध्यम से गांवों की तस्वीर बदलने का काम पूरी ईमानदारी से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य बड़ी मुख्य सड़कों से लेकर गांवों की छोटी गलियों तक को पक्का और मजबूत बनाना है। जो सड़कें वर्षों से उपेक्षित थीं और जिन पर राहगीरों का चलना दूभर था, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृत कराकर निर्माण कार्य तेजी से कराए जा रहे हैं। विधायक बेहड़ ने स्पष्ट किया कि विकास कार्य किसी एक गांव या एक वर्ग विशेष के लिए नहीं, बल्कि पूरे किच्छा विधानसभा क्षेत्र के लिए समान रूप से किए जा रहे हैं। जहां-जहां बजट उपलब्ध हो रहा है, वहां चरणबद्ध तरीके से सड़क निर्माण, गलियों का सुदृढ़ीकरण एवं अन्य जनहित के कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने जनता से संवाद करते हुए कहा कि कई बार विभिन्न योजनाओं में अलग-अलग सरकारी विभागों से तकनीकी और प्रशासनिक स्वीकृति लेनी पड़ती है, जिसके कारण प्रक्रिया में थोड़ा समय जरूर लगता है, लेकिन जनता की हर एक समस्या के स्थायी समाधान के लिए उनके प्रयास निरंतर जारी हैं। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य प्रेम आर्य, गुरदास कालड़ा, किन्नू शुक्ला, राजेंद्र प्रताप सिंह, नारायण गुîóू, प्रधान कुंवर पाल, अनिल कुमार, पूजा कुशवाहा, पूनम यादव, पवन पाठक, राम प्रकाश, महापुरुष, विपिन सिंह, हरेंद्र कुमार, राजेश यादव, राजकुमार पांडे, जीतेन्द्र पांडेय, हरिओम चौहान, ओम प्रकाश चौबे, सकूर अली, रामबृक्ष, लालजी वर्मा, नेमू नेता, चंचल, नगीना प्रसाद, रामासरे, सूरज पाल सागर, त्रिलोक चन्द, शेरबहादुर, भगवान सिंह, सुनील, मनोज, महेश और हृदयानंद सहित भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
