नकल विरोधी संशोधन विधेयक से परीक्षा प्रणाली होगी और मजबूतः धामी
देहरादून । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लोकसभा में पब्लिक एग्जामिनेशन्स प्रिवेंशन ऑफ अनफेयर मीन्स संशोधन विधेयक 2026 पारित होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने इसे देश के करोड़ों मेहनती एवं प्रतिभाशाली युवाओं के भविष्य की सुरक्षा तथा परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह संशोधित कानून परीक्षा माफिया, पेपर लीक गिरोहों और संगठित नकल के खिलाफ कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई को और अधिक सशक्त बनाएगा। इससे सार्वजनिक परीक्षाओं की पवित्रता बनाए रखने के साथ ही योग्य अभ्यर्थियों के हितों की बेहतर सुरक्षा सुनिश्चित होगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने युवाओं के हितों को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए सार्वजनिक परीक्षाओं की शुचिता बनाए रखने का जो संकल्प लिया है, लोकसभा में इस संशोधन विधेयक का पारित होना उसी संकल्प का प्रमाण है। इससे देशभर में भर्ती एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता और अधिक मजबूत होगी। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि संशोधित कानून लागू होने के बाद परीक्षा प्रणाली पहले से अधिक सुदृढ़ होगी तथा परिश्रमी और योग्य अभ्यर्थियों का विश्वास और मजबूत होगा। उन्होंने इस पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय नकल मुक्त भारत के संकल्प को नई गति प्रदान करेगा।
