Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

मुख्यमंत्री ने 14 करोड़ की विकास योजनाओं को दी वित्तीय मंजूरी

देहरादून । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों में सड़क निर्माण, मंदिरों के सौंदर्यीकरण, आंतरिक मार्गों के निर्माण, सिंचाई परियोजनाओं तथा प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों को राहत उपलब्ध कराने के लिए लगभग 14 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं एवं निर्माण कार्यों की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। मुख्यमंत्री ने जनपद पिथौरागढ़ के विधानसभा क्षेत्र डीडीहाट में ग्राम पंचायत सिरड के नैनीपातल से ग्राम पंचायत नाघर इंटर कॉलेज तक सीसी संपर्क मार्ग निर्माण के लिए 79.87 लाख रुपये, जनपद चम्पावत के विधानसभा क्षेत्र लोहाघाट में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी कल्याण सिंह अधिकारी की प्रतिमा स्थापना के लिए 32.49 लाख रुपये तथा विधानसभा क्षेत्र चम्पावत में सेलागाड़ से कोटकेंद्री तक संपर्क मार्ग निर्माण के लिए 40.53 लाख रुपये की स्वीकृति का अनुमोदन किया है। इसी क्रम में विधानसभा क्षेत्र पिथौरागढ़ के मोस्टामानू मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 39.31 लाख रुपये की अवशेष धनराशि, ग्राम कुशैल रसेपाटा स्थित प्राचीन सैम मंदिर के जीर्णाेद्धार एवं सौंदर्यीकरण के लिए 59.80 लाख रुपये, पौड़ी जिले के यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत कठुड बड़ा देवीखाल स्थित मां बाल कुँवारी माता मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए स्वीकृत योजना के सापेक्ष 39.30 लाख रुपये की अवशेष धनराशि तथा अल्मोड़ा जिले के जागेश्वर विधानसभा क्षेत्र के भेटाबड़ोली स्थित भीमादेवी मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 98.50 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। मुख्यमंत्री ने ऊधम सिंह नगर जिले के गदरपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम रामबाग हरिपुरा और ग्राम पंचाननपुर में कमश गोविंद मंदिर धर्मशाला, मसीत मंदिर धर्मशाला तथा तालाब के समीप मंदिर धर्मशाला निर्माण के लिए स्वीकृत 2.54 करोड़ रुपये की योजना के अंतर्गत प्रथम किश्त के रूप में 1.01 करोड़ रुपये जारी करने का अनुमोदन भी किया है। इसके अलावा अल्मोड़ा जिले के सल्ट विधानसभा क्षेत्र स्थित मल्ली मनिला मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 98.80 लाख रुपये की स्वीकृति भी प्रदान की गई है। चम्पावत विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत मैरोली और ग्राम पंचायत बड़पास में आंतरिक मार्गों का इंटरलॉकिंग टाइल्स से निर्माण करने के लिए स्वीकृत 3.89 करोड़ रुपये की योजना के अंतर्गत प्रथम किश्त के रूप में 1.87 करोड़ रुपये जारी करने को मंजूरी दी गई है। साथ ही अमृत योजना के तहत बीजापुर नहर के हेड के सुदृढ़ीकरण एवं आधुनिकीकरण के लिए 4.95 करोड़ रुपये की योजना को भी स्वीकृति प्रदान की गई है। मुख्यमंत्री ने प्राकृतिक आपदा से प्रभावित उत्तरकाशी जिले की तहसील भटवाड़ी के ग्राम धराली में क्षतिग्रस्त व्यवसायिक प्रतिष्ठानों और भवनों के 13 प्रभावितों को राहत उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष से 1.21 करोड़ रुपये स्वीकृत करने का अनुमोदन भी दिया है। यह धनराशि पूर्व में तीन प्रभावितों को वितरित 3.12 लाख रुपये के समायोजन के बाद शेष राशि के रूप में स्वीकृत की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *