स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रमों की तैयारियां तेज करने के निर्देश
खेल प्रतियोगिताएं, रक्तदान, वृक्षारोपण, प्रभात फेरी और देशभक्ति कार्यक्रमों माध्यम से इसे जनोत्सव के रूप में मनाया जाए
देहरादून ;उद संवाददाताद्ध। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने प्रदेशभर में 80वें स्वतंत्रता दिवस का आयोजन भव्य एवं जनभागीदारी के साथ करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल औपचारिक कार्यक्रम तक सीमित न रहे, बल्कि खेल, सांस्कृतिक, सामाजिक और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विविध आयोजनों के माध्यम से इसे जनोत्सव के रूप में मनाया जाए। बुधवार को सचिवालय में आयोजित बैठक में मुख्य सचिव ने स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को राज्य एवं जनपद स्तर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाए। इसके लिए राज्य एवं जनपद स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं के साथ रक्तदान शिविर, उच्च हिमालयी साहसिक गतिविधियां, मैराथन, साइकिल, बाइक और कार रैली जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि प्रदेश के प्रमुख शहरों के महत्वपूर्ण स्थलों पर पुलिस, सेना, अर्धसैनिक बल और एनसीसी बैंड द्वारा संगीतमय कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। साथ ही जल संरक्षण और संवर्धन तथा व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि रक्तदान और वृक्षारोपण जैसे जनहित के कार्यक्रमों को बड़े स्तर पर आयोजित कर अधिक से अधिक लोगों को जोड़ा जाए। बैठक में महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी ने स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि 15 अगस्त को सुबह 10 बजे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी परेड ग्राउंड में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। मुख्य सचिव सचिवालय में सुबह 9 बजे ध्वजारोहण करेंगे। देहरादून को छोड़कर अन्य सभी जनपदों में जिलाधिकारी कार्यालयों पर सुबह 9ः30 बजे ध्वजारोहण होगा, जबकि देहरादून स्थित सभी सरकारी एवं गैर सरकारी कार्यालयों में सुबह 9 बजे विभागाध्यक्ष अथवा कार्यालयाध्यक्ष राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। उन्होंने बताया कि प्रदेश एवं जनपद मुख्यालयों के प्रमुख चौराहों पर 14 अगस्त को शाम 6 बजे से रात 9 बजे तक तथा 15 अगस्त को सुबह 6 बजे से पूर्वार् िं11 बजे तक लाउडस्पीकर के माध्यम से देशभक्ति गीत प्रसारित किए जाएंगे। प्रदेश मुख्यालय में 14 अगस्त को कवि सम्मेलन और मुशायरे का आयोजन भी किया जाएगा। सरकारी भवनों एवं ऐतिहासिक इमारतों को कम वोल्टेज की एलईडी रोशनी से सजाया जाएगा। सभी शिक्षण संस्थानों में सुबह 7 बजे प्रभात फेरी निकाली जाएगी। इसके बाद ध्वजारोहण, राष्ट्रगान, खेलकूद प्रतियोगिताएं, विचार गोष्ठियां, प्रदर्शनी, वाद विवाद, निबंध प्रतियोगिता तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बैठक में प्रमुख सचिव एल. फैनई, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा, सचिव शैलेश बगौली, डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम, बृजेश कुमार संत, विनय शंकर पाण्डेय, विनोद कुमार सुमन, युगल किशोर पंत, रणवीर सिंह चौहान तथा जिलाधिकारी देहरादून आशीष चौहान सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
