November 4, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

6 नवंबर को देहरादून आएंगे अमित शाह, परेड ग्राउंड में जनसभा और पुलिस लाइन में होगा कार्यक्रम

देहरादून: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के 6 नवंबर को प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे को लेकर राजधानी देहरादून में तैयारियां तेज हो गई हैं। उनके दौरे को देखते हुए शासन और प्रशासन अलर्ट मोड पर है। मंगलवार को मुख्य सचिव आनंद वर्धन ने अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया और सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।गृह मंत्री अमित शाह का पहला कार्यक्रम देहरादून के परेड ग्राउंड में प्रस्तावित है। यहां भाजपा की ओर से विशाल जनसभा आयोजित की जाएगी। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। जनसभा के बाद अमित शाह पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां उत्तराखंड पुलिस को राष्ट्रपति पुलिस कलर प्रदान किया जाएगा। यह कार्यक्रम राज्य पुलिस के लिए महत्वपूर्ण अवसर होगा।

मुख्य सचिव ने किया कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण

दौरे की तैयारियों का जायजा लेने के लिए मुख्य सचिव आनंद वर्धन मंगलवार को अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थलों पर पहुंचे। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग और जनसभा स्थल पर उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं की समीक्षा की।मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम से जुड़ी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं अगले दो दिनों के भीतर पूरी कर ली जाएं। उन्होंने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया।

सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष जोर

अमित शाह के दौरे के मद्देनजर शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारियां की जा रही हैं। जनसभा स्थल पर भीड़ प्रबंधन, वाहनों की पार्किंग और यातायात संचालन की व्यवस्था को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए गए हैं।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी, एसएसपी, मसूरी एसडीएम, गढ़वाल मंडल के अपर आयुक्त केके मिश्रा और मुख्यमंत्री के अपर सचिव बंशीधर तिवारी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।प्रशासन की ओर से सभी संबंधित विभागों को निर्धारित समयसीमा में तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *