हर परिवार को मिलेगी विशिष्ट पहचान:सीएम धामी ने किया देवभूमि परिवार पोर्टल का लोकार्पण
देहरादून। उत्तराखण्ड के प्रत्येक परिवार को एक विशिष्ट पहचान देने और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पारदर्शी तरीके से पहुंचाने की दिशा में राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण पहल की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्य सेवक सदन में श्देवभूमि परिवार पोर्टलश् एवं श्विकसित उत्तराखण्ड विजन-2047श् का लोकार्पण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने देवभूमि परिवार आईडी बनाने की प्रक्रिया का भी अवलोकन किया। देवभूमि परिवार पोर्टल के माध्यम से प्रदेश के प्रत्येक परिवार को एक विशिष्ट पहचान प्रदान की जाएगी। इसके तहत एक परिवार, एक पहचान, एक प्लेटफॉर्म की अवधारणा को धरातल पर उतारने की योजना है।देवभूमि परिवार पोर्टल के माध्यम से प्रदेश के प्रत्येक परिवार का सामाजिक एवं आर्थिक विवरण एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होगा। इससे सरकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों की पहचान करना आसान होगा और जरूरतमंद परिवारों तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं सुगम तरीके से पहुंचाया जा सकेगा। इसके साथ ही सरकारी योजनाओं में होने वाली डुप्लीकेसी को रोकने और लाभार्थियों के सत्यापन की प्रक्रिया को भी अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।इस व्यवस्था के लागू होने से अलग-अलग सरकारी योजनाओं के लिए पात्रता की पहचान करने में भी सहूलियत होगी। परिवार की एकीकृत जानकारी उपलब्ध होने से विभागों को लाभार्थियों का विवरण जुटाने में आसानी होगी। साथ ही पात्र परिवारों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने की प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी बन सकेगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विकसित उत्तराखण्ड विजन-2047 दस्तावेज का भी लोकार्पण किया। इस दस्तावेज के माध्यम से वर्ष 2047 तक उत्तराखण्ड को विकसित राज्य बनाने का दीर्घकालिक रोडमैप प्रस्तुत किया गया है। विजन दस्तावेज में प्रदेश के समग्र विकास के साथ आधुनिक तकनीक नवाचार और जनकल्याणकारी व्यवस्थाओं को नई दिशा देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप उत्तराखण्ड को भी विकास के नए आयामों तक पहुंचाने की परिकल्पना की गई है।सरकार का उद्देश्य है कि आने वाले वर्षों में प्रदेश के विकास को सुनियोजित तरीके से आगे बढ़ाया जाए और विकास की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। देवभूमि परिवार पोर्टल जहां सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को अधिक प्रभावी बनाने में सहायक होगा वहीं विकसित उत्तराखण्ड विजन-2047 राज्य के भविष्य की विकास संबंधी प्राथमिकताओं और लक्ष्यों को निर्धारित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, खजान दास, विधायक सविता हरबंस कपूर, पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं दायित्वधारी दिनेश अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे।


