वन्यजीव को बचाने में पलटी पिकअप, एक की मौत
कालाढुंगी (उद संवाददाता)। शहर के समीपवर्ती कोटाबाग बांसी रोड पर वन्यजीव को बचाने के प्रयास में एक पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ग्रामीण को टक्कर मारते हुए पलट गई। हादसे में ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया। पिकअप चालक उसे उपचार के लिए बीडी पांडे अस्पताल नैनीताल ले जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। जानकारी के अनुसार, बांसी निवासी गणेश सिंह रविवार रात पिकअप लेकर कोटाबाग से बांसी की ओर जा रहा था। इसी दौरान अड़िया के समीप अचानक वाहन के सामने वन्यजीव आ गया। उसे बचाने के प्रयास में चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित पिकअप सड़क किनारे खड़े बांसी निवासी तारा सिंह को टक्कर मारने के बाद पलट गई। हादसे में तारा सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद पिकअप चालक घायल तारा सिंह को उपचार के लिए बीडी पांडे अस्पताल नैनीताल लेकर रवाना हुआ, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने रास्ते में दम तोड़ दिया। इसके बाद सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बीडी पांडे अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया है। कोतवाली प्रभारी राजेंद्र रावत ने बताया कि मामले में मृतक के परिजनों की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। परिजनों को बुलाकर पंचनामे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।


