October 18, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

नानकमत्ता में किसान की गोली मारकर हत्या

रंजिशन 15 से 20 हमलावरों ने घर में किया पथराव और फायरिंग
नानकमत्ता (उद संवाददाता)। नानकमत्ता क्षेत्र के ग्राम सिद्धा नवदिया में शनिवार देर रात पुरानी रंजिश के चलते खूनी वारदात हो गई। कार और बाइकों पर सवार होकर आए 15 से 20 हथियारबंद हमलावरों ने एक परिवार के घर पर पथराव और फायरिंग की। इसके बाद खेत से लौट रहे 35 वर्षीय सतनाम सिंह को घेरकर गोली मार दी। गोली सीने में लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में दहशत फैल गई। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर आठ नामजद आरोपियों समेत अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ग्राम सिद्धा नवदिया निवासी कुलदीप सिंह पुत्र चरनजीत सिंह का कुछ दिन पहले गांव में दो पक्षों के बीच हुए विवाद से जुड़ा मामला सामने आया था। बताया जा रहा है कि कुलदीप सिंह विवाद के दौरान बीच बचाव करने पहुंचे थे। इसी बात को लेकर एक पक्ष उनसे रंजिश रखने लगा था। परिजनों का आरोप है कि संबंधित पक्ष के लोगों ने कुलदीप सिंह को जान से मारने की धमकी भी दी थी। इसके बाद कुलदीप सिंह ने नानकमत्ता थाना पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी। शनिवार रात करीब दस बजे 15 से 20 हमलावर कार और बाइकों पर सवार होकर हथियारों के साथ कुलदीप सिंह के घर पहुंचे। आरोप है कि हमलावरों ने घर के बाहर पथराव करने के साथ फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई घटना से परिवार में अफरा तफरी मच गई। इसी दौरान कुलदीप सिंह का पुत्र प्रिंस छत पर पहुंचकर घटना का वीडियो बनाने लगा। आरोप है कि हमलावरों ने उसे निशाना बनाकर गोली चलाई, लेकिन वह बाल बाल बच गया। प्रिंस ने फायरिंग का वीडियो भी बना लिया। परिजनों के अनुसार, घर पर वारदात के बाद हमलावर हवाई फायरिंग करते हुए लौटने लगे। इसी दौरान कुलदीप सिंह के बड़े भाई सतनाम सिंह मूंगफली की कटी फसल की देख रेख कर खेत से घर लौट रहे थे। रास्ते में हमलावरों ने उन्हें घेर लिया और गोली चला दी। गोली सतनाम सिंह के सीने में लगी और वह जमीन पर गिर पड़ा। आरोप है कि इसके बाद हमलावरों ने कार से उन्हें टक्कर मारी और तेज रफ्तार से फरार हो गए। घटना के बाद परिजन सतनाम सिंह को तत्काल उप जिला चिकित्सालय सितारगंज ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रुद्रपुर रेफर कर दिया गया। रुद्रपुर पहुंचने पर चिकित्सकों ने देर रात उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर नानकमत्ता पुलिस मौके पर पहुंची और शव को मोर्चरी भिजवा दिया। एसपी सिटी प्रमोद कुमार के अनुसार, मृतक के भाई सोनू सिंह की शिकायत के आधार पर आठ नामजद आरोपियों समेत अन्य हमलावरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वारदात में शामिल लोगों की भूमिका और घटना के पीछे की वजह का पता लगाया जा रहा है। सतनाम सिंह की हत्या के बाद परिजनों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि कुलदीप सिंह को जान से मारने की धमकी मिलने के बाद नानकमत्ता थाना पुलिस को शिकायत दी गई थी, लेकिन समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। परिजनों ने दावा किया कि जिन लोगों पर धमकी देने का आरोप है, उनका आपराधिक इतिहास भी रहा है। उनका कहना है कि शिकायत पर समय रहते कार्रवाई होती तो संभवतः सतनाम सिंह की जान बच सकती थी। फिलहाल पुलिस मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच में जुटी है। घटना के बाद गांव में तनाव और दहशत का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *