पूर्व विधायक सुरेश राठौर से सीबीआई ने पूछे 15 सवाल : उर्मिला सनावर का दावा, जो भी बातचीत होगी, वह कैमरे के सामने होगी
हरिद्वार/सहारनपुर। अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े मामले में सीबीआई की जांच के बीच उर्मिला सनावर ने दावा किया है कि सीबीआई की टीम शनिवार को दोपहर करीब 12:30 बजे उनके सहारनपुर स्थित आवास पर पहुंची थी। उर्मिला के मुताबिक, उनके पास फोन आने पर उन्होंने अचानक पहुंचने को लेकर सवाल उठाया और दिल्ली में होने की जानकारी देते हुए रविवार को मुलाकात का समय दिया। उर्मिला सनावर ने बताया कि वह अंकिता भंडारी के माता-पिता के साथ दिल्ली में हैं। उनके पास फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को सीबीआई का अधिकारी बताते हुए उनके घर पहुंचने की जानकारी दी। इस पर उन्होंने अपनी अनुपस्थिति बताते हुए रविवार को मिलने की बात कही। उर्मिला सनावर ने कहा कि जांच प्रक्रिया स्पष्ट और पारदर्शी होनी चाहिए। वह सीबीआई से अकेले मिलने के बजाय मीडिया की मौजूदगी में बातचीत करना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि वह एक बेटी को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष कर रही हैं और किसी भी दबाव में आकर कोई कदम नहीं उठाएंगी। उनके अनुसार, जो भी बातचीत होगी, वह कैमरे के सामने होगी। उन्होंने यह भी कहा कि उनके पास जो सबूत और साक्ष्य हैं, उन्हें वह सीबीआई के सामने रखने के लिए तैयार हैं।
पूर्व विधायक सुरेश राठौर से तीन घंटे पूछताछ
इधर, अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े मामले में सीबीआई की टीम शनिवार को हरिद्वार पहुंची। टीम ने बीएचईएल क्षेत्र स्थित शिवालिक गेस्ट हाउस में भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौर से करीब तीन घंटे तक पूछताछ की। इस दौरान उनसे विभिन्न बिंदुओं पर सवाल किए गए। शाम करीब सात बजे पूछताछ के बाद सीबीआई की टीम वहां से रवाना हो गई। पूरी कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने मीडिया से दूरी बनाए रखी। पूछताछ के बाद पूर्व विधायक सुरेश राठौर ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उन्होंने सीबीआई के सामने अपनी बात रखी है और उनके बयान दर्ज किए गए हैं। उन्होंने जांच में पूरा सहयोग करने की बात कही। राठौर के अनुसार, सीबीआई ने उनसे कुल 15 सवाल पूछे। इनमें उर्मिला सनावर के साथ उनके संबंधों को लेकर भी सवाल शामिल था। इस पर उन्होंने कहा कि वह नहीं जानते कि उर्मिला कौन हैं।
क्या है पूरा मामला?
अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर बीते वर्ष दिसंबर में अभिनेत्री उर्मिला सनावर की ओर से सोशल मीडिया पर एक ऑडियो क्लिप साझा किए जाने के बाद मामला फिर चर्चा में आया था। इस क्लिप को लेकर राजनीतिक हलकों में भी बहस तेज हो गई थी। ऑडियो में भाजपा से जुड़े एक कथित वीआईपी का जिक्र होने की बात सामने आई थी। इसके बाद पूर्व विधायक सुरेश राठौर को लेकर भी कई दावे किए गए। मामले से जुड़े दावों और आरोपों की जांच के बीच सीबीआई की पूछताछ को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि, जांच की प्रक्रिया पूरी होने और संबंधित तथ्यों की पुष्टि होने तक किसी भी दावे को अंतिम निष्कर्ष के रूप में नहीं देखा जा सकता।


