ढाल सिंह बिसेन बने उत्तराखंड के नौवें राज्यपाल, सीएम धामी ने दी बधाई
देहरादून। मध्य प्रदेश के वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व सांसद डॉ. ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने 12 अक्टूबर 2026 को उनकी नियुक्ति की घोषणा की। डॉ. बिसेन उत्तराखंड के नौवें राज्यपाल होंगे और लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह का स्थान लेंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनकी नियुक्ति पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।डॉ. ढाल सिंह बिसेन मध्य प्रदेश की राजनीति में लंबे समय तक सक्रिय रहे हैं। उनका जन्म 14 मई 1952 को मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के पिपरिया गांव में हुआ था। उन्होंने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत विधानसभा चुनावों से की और वर्ष 1990 में पहली बार विधायक निर्वाचित हुए। इसके बाद उन्होंने 1993, 1998 और 2003 के विधानसभा चुनावों में भी जीत दर्ज की।डॉ. बिसेन ने वर्ष 2003 से 2005 तक मध्य प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में कार्य किया। इसके अतिरिक्त, वर्ष 2011 से 2013 तक उन्होंने मध्य प्रदेश राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली। वर्ष 2019 में वह बालाघाट लोकसभा सीट से सांसद निर्वाचित हुए। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने उनकी जगह दूसरे उम्मीदवार को मैदान में उतारा था।
सीएम धामी ने दी बधाई
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने डॉ. ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड का राज्यपाल नियुक्त किए जाने पर बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. बिसेन का दीर्घ राजनीतिक अनुभव, जनसेवा के प्रति समर्पण और सार्वजनिक जीवन में उनका उल्लेखनीय योगदान प्रेरणादायी है।उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार में पूर्व कैबिनेट मंत्री, पूर्व सांसद और भाजपा के वरिष्ठ नेता के रूप में डॉ. बिसेन ने जनहित एवं समाजसेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि डॉ. बिसेन के अनुभव और मार्गदर्शन से उत्तराखंड के विकास को नई दिशा मिलेगी तथा राज्य की विकास यात्रा को और गति प्राप्त होगी। उन्होंने उनके सफल एवं मंगलमय कार्यकाल की कामना भी की।


