भालू के हमले में एक ही परिवार के चार घायल
गंभीर घायलों को हायर सेंटर रेफर किया
गोपेश्वर (उद संवाददाता)। सीमांत नगर ज्योतिर्मठ में भालू के हमले से दहशत बनी हुई है। नगर के सिंहधार वार्ड में मंगलवार तड़के भालू ने एक ही परिवार के चार लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया। जानकारी के अनुसार घटना तड़के करीब तीन बजे की है। बिन्देश कुमार (37) की गौशाला में मवेशियों के आवाज करने पर वह अपनी मां के साथ वहां देखने पहुंचे। इसी दौरान गौशाला में मौजूद भालू ने उन पर हमला कर दिया। परिवार के अन्य सदस्य भी मदद के लिए पहुंचे तो भालू ने उन पर भी झपट्टðा मार दिया। परिवार के सदस्यों ने शोर मचाकर किसी तरह भालू को वहां से भगाया। इस दौरान परिवार के तीन अन्य सदस्यों को भी चोटें आईं। हमले में घायल चारों लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद सिंहधार वार्ड सहित आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग अपनी और अपने परिवारों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में भालू की सक्रियता से खतरा बढ़ गया है और इससे निपटने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाने जरूरी हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क के अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। लोगों का आरोप है कि इतनी गंभीर घटना के बावजूद वन विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची। इससे लोगों में आक्रोश है। उन्होंने प्रभावित क्षेत्र में तत्काल वन विभाग की टीम तैनात करने और लोगों की सुरक्षा के लिए ठोस इंतजाम करने की मांग की। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने, भालू की गतिविधियों पर निगरानी रखने और वन्यजीवों से संभावित खतरे को देखते हुए सतर्कता बरतने की अपील की है। लगातार सामने आ रही वन्यजीवों की घटनाओं के बीच ज्योतिर्मठ क्षेत्र में लोगों की सुरक्षा चिंता का विषय बनी हुई है।


