October 13, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

बेकाबू ट्रक साइबर कैफे में घुसा, बाल-बाल बचे दो युवक

धर्मावाला चौक पर तड़के हुआ हादसा, शटर और दीवार तोड़कर दुकान में घुसा ट्रक, चालक हिरासत में
देहरादून (उद संवाददाता)। विकासनगर के धर्मावाला चौक पर मंगलवार तड़के हरियाणा नंबर का एक बेकाबू ट्रक शटर और दीवार तोड़ते हुए साइबर कैफे में जा घुसा। हादसे के समय दुकान के अंदर सो रहे दो युवकों ने भागकर अपनी जान बचाई। कुछ सेकेंड की देरी दोनों के लिए जानलेवा साबित हो सकती थी। दुर्घटना में कैफे का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि गनीमत रही कि कोई हताहत नहीं हुआ। जानकारी के अनुसार, धर्मावाला चौक स्थित सारा एंड माज साइबर कैफे में मंगलवार सुबह करीब 5ः20 बजे हिसार नंबर का ट्रक अचानक घुस गया। टक्कर इतनी तेज थी कि शटर और दीवार टूट गए। धमाके जैसी आवाज सुनकर अंदर सो रहे दोनों युवक घबरा गए और काउंटर फांदकर बाहर की ओर भागे। घटना से जुड़ा वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक युवक बदहवास हालत में ‘भगवान बचाओ’ कहता सुनाई दे रहा है। हादसे में दुकान का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और दीवार टूट गई। समय रहते दोनों युवकों के बाहर निकल आने से बड़ा नुकसान टल गया। घटना धर्मावाला पुलिस चौकी से महज 50 मीटर की दूरी पर हुई। धर्मावाला चौकी प्रभारी पंकज कुमार के अनुसार, पुलिस ने ट्रक को सीज कर चालक को हिरासत में ले लिया है। पूछताछ में चालक ने बताया कि सुबह के समय उसका ध्यान भटक गया था, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर दुकान में जा घुसा। इस घटना के बाद धर्मावाला चौक पर स्थित कैलाश रिवर बेड माइनिंग कंपनी के जांच चौकी की अनुमति, उसकी स्थिति और सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *