October 10, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

फैक्टरी में छत से गिरकर मजदूर की मौत,सड़क हादसों में तीन की मौत

अमरोहा निवासी सद्दाम पीछे छोड़ गया पत्नी और दो छोटे बच्चे, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए रखवाया
काशीपुर (उद संवाददाता)। महुआखेड़ागंज स्थित एक फैक्टरी परिसर में सोलर प्लांट लगाने के दौरान छत से गिरकर 30 वर्षीय मजदूर सद्दाम की मौत हो गई। हादसे के बाद फैक्टरी परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पैगा पुलिस चौकी की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है। जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के अमरोहा निवासी सद्दाम काशीपुर के ग्राम धीमरखेड़ा में करीब दो साल से किराये के मकान में रह रहा था। वह मेहनत मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करता था। शुक्रवार को वह महुआखेड़ागंज स्थित एक फैक्टरी में सोलर प्लांट लगाने वाली कंपनी के साथ काम करने गया था। बताया जा रहा है कि प्लांट लगाने के दौरान उसका पैर फैक्टरी परिसर में बनी फाइबर शीट की छत पर पड़ गया। छत से संतुलन बिगड़ने के कारण वह नीचे गिर गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही फैक्टरी कर्मियों में अफरा तफरी मच गई। किसी ने इसकी सूचना पैगा पुलिस चौकी को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को भी हादसे की सूचना दी। मृतक के ससुर अफसर अली ने बताया कि उनकी बेटी फातिमा का निकाह सद्दाम से हुआ था। दोनों ग्राम धीमरखेड़ा में किराये के मकान में रह रहे थे। सद्दाम की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह अपने पीछे पत्नी फातिमा, चार वर्षीय बेटे तहजीम, डेढ़ वर्षीय बेटी सुमैयरा और अन्य परिजनों को छोड़ गया है। हादसे की खबर से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
मोड़ पर हादसे में दूसरा युवक गंभीर घायल, बस चालक पर तेज रफ्तार से पास लेने का आरोप
रामनगर (उद संवाददाता)। नैनीताल जिले के रामनगर क्षेत्र में मोहान के पास गढ़वाल यूजर्स की बस और बाइक की टक्कर में 24 वर्षीय गौरव आर्या की मौत हो गई, जबकि बाइक पर पीछे बैठा 35 वर्षीय पुष्कर राम गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय में प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। हादसे की खबर से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस घटना की जांच में जुटी है। जानकारी के अनुसार गौरव आर्या निवासी सल्ट, जिला अल्मोड़ा, शुक्रवार देर शाम अपने साथी पुष्कर राम निवासी अजोली तल्ली, सल्ट के साथ बाइक से जा रहा था। इसी दौरान मोहान से आगे चिमटा और दुर्गा मंदिर के समीप मोड़ पर गढ़वाल यूजर्स की बस से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों की मदद से दोनों को उपचार के लिए रामनगर के रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया गया। चिकित्सालय में चिकित्सक डॉ- सारिक ने बताया कि गौरव को घायल अवस्था में अस्पताल लाया गया था। उसका उपचार किया गया, लेकिन उसकी मौत हो गई। वहीं पुष्कर राम की हालत गंभीर होने के कारण उसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। घायल पुष्कर राम ने आरोप लगाया कि वे मोहान से आगे चिमटा और दुर्गा मंदिर के समीप मोड़ से गुजर रहे थे। इसी दौरान बस चालक ने तेज गति से पास लेने का प्रयास किया और उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हालांकि हादसे की वास्तविक वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। 24 वर्षीय गौरव की असमय मौत से उसके परिजनों में शोक छा गया है। परिवार के लोगों का रो रोकर बुरा हाल है। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने के साथ ही घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
रूद्रपुर/गदरपुर (उद संवाददाता)। अज्ञात वाहन की टक्कर से बाईक सवार युवक की मौत हो गयी। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी के अनुसार 40 वर्षीय संतोष राय पुत्र नागेन्द्र राय परिवार सहित जगतपुरा वार्ड 5 में परिवार सहित किरायेदार के रूप में निवास कर सिडकुल की एक कम्पनी में काम करता था। बताया जाता है कि शुक्रवार को वह काम के सिलसिले में अपनी मोटरसाईकिल संख्या यूपी 26 पी 3419 पर सवार होकर दिनेशपुर गया था। जब वह रात्रि में लौट रहा था तो मार्ग में शमशान घाट के पास चंडीपुर दिनेशपुर में तेज गति से जाते अज्ञात वाहन चालक ने उसकी मोटरसाईकिल को टक्कर मार दी और वाहन सहित मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिसकर्मी मौके पर आ गये। गंभीर रूप से घायल संतोष को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय ले जाया गया जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन भी आ पहुंचे और उनमें कोहराम मच गया। पुलिस ने शव अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
कार की टक्कर से युवक की मौत
गदरपुर क्षेत्र में चकरपुर के पास तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया। घायल युवक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, केशवगढ़ निवासी संजू पुत्र ओमप्रकाश मोटरसाइकिल से गदरपुर से अपने घर केशवगढ़ की ओर जा रहा था। बताया जाता है कि जैसे ही वह चकरपुर के पास पहुंचा, तभी रुद्रपुर की ओर से तेज गति से आ रही एक कार ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि संजू गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने मदद के लिए प्रयास किए और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए भिजवाने की व्यवस्था की। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर कर दिया गया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल कार और मोटरसाइकिल को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *