October 10, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

तीसरी मंजिल से गिरकर महिला की मौत, पति पर हत्या का आरोप

भाई ने लगाया प्रताड़ित करने और नीचे फेंकने का आरोप, पुलिस ने शुरू की जांच
काशीपुर (उद संवाददाता)। आईटीआई थाना क्षेत्र के कुंडेश्वरा में संदिग्ध परिस्थितियों में तीसरी मंजिल से गिरकर एक महिला की मौत हो गई। मृतका के भाई ने उसके पति पर लंबे समय से प्रताड़ित करने और आपसी कलह के चलते तीसरी मंजिल से नीचे फेंककर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। मामले में तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। ठाकुरद्वारा निवासी विपुल ने बताया कि उनकी बहन रूबी सिंह की शादी करीब 13 वर्ष पहले मुरादाबाद जिले के डिलारी निवासी शिशुपाल के साथ हुई थी। दंपती का चार वर्षीय बेटा तन्मय सिंह है। विपुल का आरोप है कि शादी के बाद से ही शिशुपाल आए दिन रूबी के साथ मारपीट करता था और उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। आरोप है कि पति पहले भी कई बार रूबी का गला घोंटने की कोशिश कर चुका था। वर्तमान में शिशुपाल अपने परिवार के साथ काशीपुर के कुंडेश्वरा क्षेत्र में एक तीन मंजिला इमारत की तीसरी मंजिल पर किराये पर रह रहा था। विपुल के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 11ः45 बजे उन्हें सूचना मिली कि उनकी बहन अस्पताल में भर्ती है। सूचना मिलते ही परिजन काशीपुर के लिए रवाना हो गए और रात करीब तीन बजे यहां पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि पति ने आपसी कलह के चलते रूबी को तीसरी मंजिल से नीचे फेंक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना पर आईटीआई थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस के अनुसार, मामले में तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *