October 9, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

बागेश्वर के विवेकानंद इंटर कॉलेज में बाल वैज्ञानिकों के बीच पहुंचे मुख्यमंत्री धामी,शोध एवं नवाचार के लिए ₹1 करोड़ की घोषणा

बागेश्वर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को बागेश्वर के मंडलसेरा स्थित विवेकानंद इंटर कॉलेज में उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकॉस्ट) के तत्वावधान में आयोजित पंचम सीमांत पर्वतीय जनपद बाल विज्ञान महोत्सव का शुभारंभ किया। महोत्सव में छह सीमांत जनपदों चमोली, चंपावत, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, उत्तरकाशी और पिथौरागढ़ के चयनित 240 बाल वैज्ञानिक प्रतिभाग कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने बाल वैज्ञानिकों से संवाद कर उनकी जिज्ञासाओं के उत्तर दिए और उन्हें वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता तथा नवाचार की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विद्यालयों में विज्ञान एवं तकनीक आधारित शिक्षा को प्रोत्साहित करते हुए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), रोबोटिक्स और ड्रोन तकनीक को बढ़ावा दिया जाएगा।
   

सीमांत जनपदों में विज्ञान और नवाचार को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने शोध एवं नवाचार को प्रोत्साहित करने के लिए सीमांत जनपद विज्ञान महोत्सव और संबंधित कार्यक्रमों हेतु 1 करोड़ देने की घोषणा की। साथ ही राज्य की STEM लैब्स को एआई से जोड़ने, सभी विकासखंडों में एक-एक लैब ऑन व्हील्स स्थापित करने तथा प्रदेश के सभी जनपदों में विज्ञान एवं नवाचार केंद्र विकसित करने की दिशा में कार्य करने की बात कही। उन्होंने विद्यालयी शिक्षा में आधुनिक तकनीक के समावेश पर जोर देते हुए रोबोटिक्स और ड्रोन तकनीक को शिक्षा से जोड़ने तथा महिला विकास एवं विज्ञान विषय पर सम्मेलन आयोजित करने की भी बात कही।

बाल वैज्ञानिकों को दिए नए विचारों पर काम करने के टिप्स

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से खूब पढ़ने, नए विचारों पर काम करने और सवाल पूछने की प्रवृत्ति बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज के बाल वैज्ञानिक ही भविष्य में देश के प्रमुख वैज्ञानिक, इंजीनियर और शोधकर्ता बनेंगे। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।उन्होंने कहा कि सीमांत क्षेत्रों में आयोजित ऐसे विज्ञान महोत्सव विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच प्रदान करते हैं और उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण, रचनात्मकता एवं नवाचार की भावना विकसित करते हैं। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के आदर्शों से प्रेरणा लेकर देश और प्रदेश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।

साइंस सिटी और साइंस सेंटर पर भी हो रहा काम

मुख्यमंत्री ने कहा कि विज्ञान एवं तकनीक के माध्यम से प्रदेश में नवाचार, पारदर्शी सेवाओं और स्मार्ट कृषि को बढ़ावा दिया जा रहा है। देहरादून में साइंस सिटी और चंपावत में साइंस सेंटर विकसित किया जा रहा है। उन्होंने स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने के लिए हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड के माध्यम से किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख किया। साथ ही कृषि, बागवानी, मत्स्य पालन, मौन पालन और होमस्टे जैसे क्षेत्रों में स्वरोजगार की संभावनाओं को बढ़ावा देने की बात कही।

उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षक सम्मानित

महोत्सव के दौरान विज्ञान के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों कविता हरकोटिया, दीप चंद जोशी, हरिमोहन ऐठाणी और ख्याली दत्त को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में कपकोट विधायक सुरेश गढ़िया, बागेश्वर विधायक पार्वती दास, दर्जा राज्य मंत्री शिव सिंह बिष्ट, भूपेश उपाध्याय, जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या, भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन सिंह परिहार, यूकॉस्ट के महानिदेशक दुर्गेश पंत, जिलाधिकारी अपूर्वा पांडे, पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा, मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार, विद्यालय के प्रधानाचार्य अबल सिंह तोपाल सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक और बाल वैज्ञानिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *