October 6, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

ट्रक ने पुलिस बस को मारी टक्कर, चार जवानों सहित सात घायल

टक्कर के बाद सड़क पर पलटी बस,बाइक भी आई चपेट में
देहरादून (उद संवाददाता)। मोहब्बेवाला क्षेत्र में आशारोड़ी चेक पोस्ट के पास मंगलवार सुबह तेज रफ्तार ट्रक ने आईआरबी प्रथम बटालियन की बस को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस सड़क पर पलट गई। हादसे में आईआरबी के जवानों समेत सात लोग घायल हो गए। हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें टक्कर के बाद दोनों वाहन हाईवे की बैरिकेडिंग के दोनों ओर फिसलते नजर आ रहे हैं। हादसा सुबह करीब नौ बजे हुआ। बताया जा रहा है कि सहारनपुर की ओर से सीमेंट लदा 12 टायरी ट्रक आ रहा था। आशारोड़ी चेक पोस्ट के पास ट्रक अनियंत्रित होकर आईआरबी की बस से जा टकराया। टक्कर के बाद बस सड़क पर पलट गई। इसी दौरान ट्रक की चपेट में एक मोटरसाइकिल भी आ गई। हादसे के समय आईआरबी प्रथम बटालियन की बस में आठ जवान सवार थे। इनमें हेड कांस्टेबल ओमप्रकाश, चालक हेड कांस्टेबल हेमपाल सिंह, कांस्टेबल अदीप कुमार, कांस्टेबल प्रदीप राठौर और कांस्टेबल सुनील कुमार शामिल हैं। सभी जवान आईआरबी प्रथम बटालियन, बेलपड़ाव, रामनगर के बताए गए हैं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचा। घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई और कुछ देर तक यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *