October 3, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

हाईवे पर सांड से टकराई बाइक, महिला सहित दो घायल

अचानक सामने आया सांड, बाइक अनियंत्रित होकर गिरी, साथ मौजूद बच्चा बाल बाल बचा
किच्छा (उद संवाददाता)। किच्छा रुद्रपुर हाईवे पर देवरिया टोल प्लाजा के पास शुक्रवार रात सड़क पर अचानक आए सांड से मोटरसाइकिल टकरा गई। हादसे में बाइक चालक युवक ओर पीछे बैठी महिला घायल हो गयी, जबकि उनके साथ मौजूद बच्चा चोटिल होने से बच गया। घायल आरिफ को गंभीर हालत में सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी रैफर किया गया है जबकि महिला का उपचार किच्छा स्वास्थ्य केन्द्र में कराया गया। जानकारी के अनुसार किच्छा के वार्ड नंबर 15 निवासी अनवरी अपने भतीजे आरिफ पुत्र बली मोहम्मद और एक बच्चे के साथ मोटरसाइकिल से रुद्रपुर से किच्छा लौट रही थीं। देवरिया टोल प्लाजा के पास हाईवे पर अचानक एक सांड सड़क पार करते हुए बाइक के सामने आ गया। सांड से टकराने के बाद बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर जा गिरी। हादसे में आरिफ और अनवरी घायल हो गए, जबकि उनके साथ मौजूद बच्चा बाल बाल बच गया। हादसे के बाद सोहेल नामक युवक ने घायलों को तत्काल किच्छा के सरदार वल्लभभाई पटेल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। चिकित्सकों ने आरिफ की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया। इसके बाद परिजन बेहतर उपचार के लिए उन्हें सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी ले गए, जहां उनका उपचार चल रहा है। हादसे के बाद हाईवे पर आवारा पशुओं की मौजूदगी को लेकर फिर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे पर अचानक सामने आने वाले पशुओं के कारण वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बना रहता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *