कार खाई में गिरने से एक की मौत, दो घायल
देहरादून(उद संवाददाता)। त्यूणी क्षेत्र में चिल्लाड़ के पास एक फोर्ड फ्ीस्टाइल कार करीब 300 मीटर गहरी खाई में गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर थाना त्यूणी पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया और कड़ी मशक्कत के बाद शव तथा दोनों घायलों को खाई से बाहर निकाला। एसडीआरएफ के अनुसार त्यूणी पोस्ट को सूचना मिली थी कि चिल्लाड़ नामक स्थान पर एक वाहन चकराता मोटर मार्ग से नीचे गहरी खाई में गिर गया है। मौके पर पहुंची टीम ने देखा कि यूपी 37 पी 6641 नंबर की फोर्ड फ्ीस्टाइल कार करीब 300 मीटर नीचे खाई में गिरी हुई थी। वाहन में चालक समेत तीन लोग सवार थे। इनमें एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि दो लोग घायल अवस्था में वाहन के पास फंसे हुए थे। एसडीआरएफ जवानों ने दुर्गम और गहरी खाई में उतरकर दोनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र त्यूणी भेजा गया। मृतक के शव को आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्ति की पहचान 39 वर्षीय दुर्गेश चौधरी निवासी फतापुर, जिला हापुड़, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। घायलों में 27 वर्षीय सुनील मंडल निवासी महावीर एन्क्लेव, दिल्ली और ऋषभ निवासी देहरादून शामिल हैं। एसडीआरएफ के कांस्टेबल नवीन सिंह ने बताया कि सूचना मिलने के बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया। वहीं थाना प्रभारी त्यूणी कुलदीप शाह के अनुसार चिल्लाड़ राजस्व पुलिस क्षेत्र में फोर व्हीलर वाहन सड़क से करीब 300 मीटर गहरी खाई में गिरा था। पुलिस हादसे के संबंध में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
