बहन और उसके प्रेमी की हत्या के आरोपी को मुठभेड़ में लगी गोली
दोहरे हत्याकांड के चार दिन बाद पुलिस से हुई मुठभेड़
रुड़की (उद संवाददाता)। झबरेड़ा थाना क्षेत्र के झबरेड़ी कलां गांव में चार दिन पहले अपनी सगी बहन और उसके प्रेमी की गोली मारकर हत्या करने के आरोपी अमन को पुलिस ने देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए रुड़की के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसपी देहात अभय प्रताप सिंह ने बताया कि 26 सितंबर को झबरेड़ी कलां गांव में अमन ने अपनी बहन और पड़ोसी युवक सूरज उर्फ मुन्ना की गोली मारकर हत्या कर दी थी। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया था। उसकी गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई थी। एसपी के अनुसार बीती रात पुलिस को अमन के क्षेत्र में होने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने झबरेड़ा क्षेत्र में घेराबंदी कर उसे पकड़ने का प्रयास किया। पुलिस का दावा है कि इस दौरान आरोपी ने टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में अमन के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अस्पताल पहुंचाया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपनी बहन के प्रेम प्रसंग से नाराज था। उसके अनुसार गांव में इसको लेकर उसे ताने दिए जाते थे और उसे शर्मिंदगी का सामना करना पड़ रहा था। उसने कई बार अपनी बहन और सूरज को समझाने का प्रयास किया, लेकिन दोनों नहीं माने। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने रोज रोज के तानों से परेशान होकर दोनों की हत्या करने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ के साथ ही दोहरे हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार वारदात के बाद से फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी।
