उत्तराखंड भाजपा में बड़ा संगठनात्मक फेरबदल: दुष्यंत गौतम की छुट्टी ,राम माधव नए प्रदेश प्रभारी नियुक्त
सांसद बांसुरी स्वराज और अरविंद मेनन को सह-प्रभारी बनाया गया
देहरादून। भाजपा ने 2027 के उत्तराखंड विधानसभा चुनाव से पहले राज्य संगठन के प्रभारी और सह-प्रभारियों में बदलाव किया है। पार्टी ने वरिष्ठ नेता राम माधव को उत्तराखंड का नया प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया है। उनके साथ सांसद बांसुरी स्वराज और अरविंद मेनन को सह-प्रभारी बनाया गया है। नियुक्तियां भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की ओर से घोषित नई संगठनात्मक सूची का हिस्सा हैं और तत्काल प्रभाव से लागू हुई हैं। राम माधव ने दुष्यंत गौतम की जगह ली है, जो करीब छह वर्षों से उत्तराखंड के प्रभारी थे। नई व्यवस्था में पूर्व सह-प्रभारी रेखा वर्मा को भी उत्तराखंड की जिम्मेदारी से हटाकर मध्य प्रदेश का सह-प्रभारी बनाया गया है।राम माधव को उत्तराखंड के साथ तमिलनाडु का भी प्रभारी बनाया गया है। वह अगस्त 2026 में भाजपा की राष्ट्रीय टीम में उपाध्यक्ष के रूप में वापस आए थे। इससे पहले वे 2014 से 2020 तक भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव रहे थे।भाजपा का यह फेरबदल ऐसे समय हुआ है जब उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज होने की दिशा में हैं। पार्टी ने सिर्फ उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि 28 राज्यों और 8 केंद्र शासित प्रदेशों के प्रभारी और सह-प्रभारियों में व्यापक बदलाव किया है। कई ऐसे राज्यों में संगठनात्मक जिम्मेदारियां बदली गई हैं जहां 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं।उत्तराखंड के मामले में नई टीम की नियुक्ति को चुनाव से पहले संगठन को सक्रिय करने और केंद्रीय नेतृत्व की निगरानी मजबूत करने की कवायद के रूप में देख रहा हैं।
दुष्यंत गौतम अंकिता प्रकरण से जुड़े विवादों के कारण चर्चा में
भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में गौतम को जगह नहीं मिली थी और इसी दौरान उनका नाम अंकिता प्रकरण से जुड़े विवादों के कारण चर्चा में रहा। दुष्यंत गौतम नवंबर 2020 में उत्तराखंड भाजपा के प्रभारी बने थे, इसलिए सितंबर 2026 तक उनका कार्यकाल लगभग छह वर्ष रहा।
राष्ट्रीय मीडिया टीम में भी बदलाव
इसी संगठनात्मक फेरबदल के तहत भाजपा ने राष्ट्रीय मीडिया/संचार से जुड़ी जिम्मेदारियों में भी परिवर्तन किया है। सांसद अनिल बलूनी को राष्ट्रीय मीडिया संबंधी जिम्मेदारी दी गई है और आशीष उषा अग्रवाल को सह-जिम्मेदारी मिली है।
