September 23, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

बेहड़ को थप्पड़ मारने वाला भाजपा कार्यकर्ता गिरफ्तार

पुलिस ने दोनों पक्षों के करीब 30 लोगों को हिरासत में लिया
रूद्रपुर। स्ट्रांग रूम में हुई धक्का-मुक्की और मारपीट के मामले में पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है। मंगलवार को नगर पालिका चुनाव के मतदान के अंतिम समय में किच्छा मंडी समिति स्थित स्ट्रांग रूम के प्रतिबंधित क्षेत्र में कांग्रेस और भाजपा से जुड़े लोगों के आमने-सामने आने के बाद हुए विवाद में पुलिस ने दोनों पक्षों के करीब 30 लोगों को हिरासत में लिया था। वहीं विधायक तिलक राज बेहड़ को थप्पड़ मारने के आरोप में नाम सामने आए धीरज कुमार को भी पुलिस ने बुधवार को हिरासत में ले लिया है। पुलिस के अनुसार धीरज कुमार के खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई है। एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि मंगलवार शाम करीब 4ः30 बजे मंडी समिति परिसर में बनाए गए स्ट्रांग रूम के पास कांग्रेस विधायक तिलक राज बेहड़ और भाजपा के पूर्व विधायक राजेश शुक्ला अपने-अपने समर्थकों के साथ मौजूद थे। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद धक्का-मुक्की हो गई। विवाद बढ़ता देख पुलिस ने तत्काल दोनों पक्षों को मौके से बाहर निकाला और स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद दोनों पक्षों से जुड़े करीब 30 लोगों को हिरासत में लिया गया। पुलिस के अनुसार विधायक तिलक राज बेहड़ को किच्छा कोतवाली ले जाया गया था जबकि पूर्व विधायक राजेश शुक्ला को पुलिस हिरासत में लेकर सिडकुल चौकी भेजा गया था। बाद में दोनों को रिहा कर दिया गया। एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि स्ट्रांग रूम का क्षेत्र प्रतिबंधित होता है और वहां निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रत्याशी तथा अधिकृत पोलिंग एजेंट को ही प्रवेश की अनुमति होती है। इसके बावजूद दोनों पक्षों के लोग प्रतिबंधित क्षेत्र में पहुंच गए थे। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद और धक्का-मुक्की हुई। पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए दोनों पक्षों को बाहर निकाला और स्थिति को नियंत्रण में लिया। विवाद के बाद विधायक तिलक राज बेहड़ ने पुलिस को बताया था कि धक्का-मुक्की के दौरान भाजपा के पूर्व विधायक राजेश शुक्ला के साथ मौजूद धीरज कुमार ने उन्हें थप्पड़ मारा। विधायक की ओर से लगाए गए आरोप के बाद पुलिस ने धीरज कुमार की तलाश शुरू कर दी थी। एसएसपी ने बताया कि विधायक द्वारा धीरज कुमार पर थप्पड़ मारने का आरोप लगाए जाने के बाद पुलिस ने उसकी तलाश की और बुधवार को उसे हिरासत में ले लिया। उसके खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। किच्छा में मतदान के दौरान स्ट्रांग रूम को लेकर हुआ विवाद मंगलवार को काफी देर तक चर्चा का विषय बना रहा। धक्का-मुक्की के बाद दोनों पक्षों के समर्थक आमने-सामने आ गए थे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। घटना के बाद स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था और प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश को लेकर पुलिस प्रशासन ने भी सतर्कता बढ़ा दी है। एसपी अजय गणपति ने बताया कि पूर्व विधायक राजेश शुक्ला की ओर से इस मामले में शिकायत दर्ज कराई गई है जिसकी जांच की जा रही है। वहीं कांग्रेस की ओर से इस मामले में अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *