September 23, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

प्रिंसिपल के घर में परिवार को बंधक बनाकर लूट,लोहे की रॉड और डंडों से दंपती की पिटाई

हत्या की सुपारी लेने का दावा कर बदमाशों ने की पूछताछ, नकदी और लाखों के जेवर लेकर फरार
देहरादून(उद संवाददाता)। देहरादून के विकासनगर में बुधवार तड़के ग्रेट वैल्यू स्कूल परिसर में बने आवास में तीन नकाबपोश बदमाशों ने धावा बोलकर स्कूल संचालक के परिवार को बंधक बना लिया। बदमाशों ने स्कूल संचालक गोपाल सिंह राठौर, उनकी पत्नी नीलम राठौर और बेटे आरव राठौर को काबू में कर लिया। विरोध करने पर दंपती के साथ लोहे की रॉड और डंडों से मारपीट की गई। करीब एक घंटे तक घर में लूटपाट करने के बाद बदमाश करीब 80 से 90 हजार रुपये नकद, सोने चांदी के लाखों रुपये के आभूषण और मंदिर में रखी नकदी लेकर फरार हो गए। जाते समय बदमाशों ने पति और बेटे के हाथ बांध दिए और घर के दरवाजे व खिड़कियां लॉक कर दीं। मोबाइल फोन भी अपने कब्जे में ले लिए गए। घटना के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। वारदात विकासनगर के बरोटीवाला स्थित जमनीपुर रोड पर ग्रेट वैल्यू स्कूल परिसर में बुधवार तड़के करीब तीन से सवा तीन बजे के बीच हुई। बताया गया कि तीन नकाबपोश बदमाश हाथों में लोहे की रॉड और मोटे डंडे लेकर स्कूल परिसर में बने आवास में जबरन दािखल हुए। घर में घुसते ही उन्होंने परिवार के सदस्यों को अपने कब्जे में ले लिया। परिवार के मुताबिक बदमाशों ने खुद को ऐसा जताया कि वे प्रिंसिपल की हत्या करने की सुपारी लेकर आए हैं। जब परिवार ने बताया कि वे प्रिंसिपल नहीं हैं और केवल स्कूल की देखभाल करते हैं तो बदमाशों ने उनसे पूछताछ शुरू कर दी। इसके बावजूद उनका रवैया नहीं बदला और परिवार के लोगों को धमकाने के साथ मारपीट भी की गई। गोपाल सिंह राठौर और नीलम राठौर के साथ डंडे और लोहे की रॉड से मारपीट किए जाने की बात सामने आई है। बदमाशों ने करीब एक घंटे तक घर के कमरों और अलमारियों को खंगाला। परिवार के अनुसार घर में रखे करीब 80 से 90 हजार रुपये नकद और सोने चांदी के लाखों रुपये के आभूषण, जिनमें चेन, अंगूठी और कड़े आदि शामिल बताए जा रहे हैं, बदमाश अपने साथ ले गए। मंदिर में रखी नकदी भी लूट लिए जाने की बात कही गई है। लूटपाट के दौरान परिवार के लोगों को लगातार डराया धमकाया गया। वारदात के बाद बदमाशों ने गोपाल राठौर और उनके बेटे के हाथ बांध दिए। इसके बाद घर के खिड़की दरवाजे लॉक कर दिए और परिवार के मोबाइल फोन भी छीन लिए। बदमाशों का उद्देश्य यह था कि उनके जाने के तत्काल बाद परिवार किसी को घटना की जानकारी न दे सके। बदमाशों के फरार होने के बाद नीलम राठौर ने किसी तरह खिड़की खोलकर शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। बताया गया कि सुबह करीब चार बजे पड़ोसियों ने घर का दरवाजा खोलकर परिवार को बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही सुबह करीब 4ः15 बजे कोतवाली विकासनगर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। बदमाश किस रास्ते से परिसर में दािखल हुए और वारदात के बाद किस दिशा में फरार हुए, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस फिलहाल लूट की वारदात के साथ परिवार की ओर से बताए गए हत्या की सुपारी वाले दावे को भी जांच के दायरे में रखकर पड़ताल कर रही है। बदमाशों की पहचान और लूटे गए सामान का पूरा ब्योरा जुटाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *