September 23, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

बुजुर्ग महिला की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या: देहरादून में तीन दिन के भीतर हत्या की तीसरी घटना

बाहर से ताला लगाकर फरार हुआ हत्यारा, पांच पुलिस टीमें जांच में जुटीं
देहरादून (उद संवाददाता)। देहरादून के रायवाला क्षेत्र में 65 वर्षीय महिला की धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी गई। महिला अपनी छह वर्षीय पोती की पढ़ाई के लिए मोतीचूर क्षेत्र में किराये के कमरे में रहती थी। पोती को स्कूल छोड़ने के बाद वह पास में चल रहे धार्मिक अनुष्ठान में शामिल हुई और फिर कमरे पर लौट आई थी। स्कूल की छुट्टðी के बाद जब वह पोती को लेने नहीं पहुंची तो स्कूल प्रबंधन ने पड़ोस में रहने वाले उसके दामाद को सूचना दी। दामाद बच्ची को लेकर कमरे पर पहुंचा तो बाहर से ताला लगा मिला। महिला का मोबाइल भी बंद था। शाम को दोबारा ताला लगा मिलने पर उसके बेटे को सूचना दी गई। बेटे ने मौके पर पहुंचकर ताला तोड़ा तो बाथरूम में महिला का खून से लथपथ शव पड़ा मिला। उसके गले और चेहरे पर धारदार हथियार से वार के गहरे निशान थे। मृतका की पहचान खजानी देवी के रूप में हुई है। बताया गया कि वह अपनी छह वर्षीय पोती की पढ़ाई के लिए रायवाला के मोतीचूर क्षेत्र में किराये के कमरे में रहती थी। उसका बेटा संजय पुंडीर अपनी पत्नी के साथ रानीपोखरी में रहता है। सोमवार सुबह खजानी देवी पोती को स्कूल छोड़ने गई थी। इसके बाद वह पास में आयोजित धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होने चली गई और बाद में अपने कमरे पर लौट आई। इसके बाद दिन में खजानी देवी की पोती के स्कूल की छुट्टðी हो गई, लेकिन वह बच्ची को लेने स्कूल नहीं पहुंची। काफी देर तक महिला के नहीं पहुंचने पर स्कूल प्रबंधन ने पड़ोस में रहने वाले उसके दामाद पंकज थापा को फोन कर जानकारी दी। सूचना मिलने पर पंकज थापा बच्ची को लेने स्कूल पहुंचे। इसके बाद वह बच्ची को लेकर खजानी देवी के कमरे पर पहुंचे। वहां कमरे के बाहर बड़ा ताला लगा हुआ था। उन्होंने खजानी देवी के मोबाइल पर फोन किया, लेकिन मोबाइल स्विच ऑफ मिला। उस समय पंकज को किसी अनहोनी की आशंका नहीं हुई और वह बच्ची को अपने घर ले गए। शाम को पंकज दोबारा खजानी देवी के कमरे पर पहुंचे तो बाहर लगा ताला उसी तरह लगा मिला। महिला का कोई पता नहीं चलने और मोबाइल बंद होने से उनकी चिंता बढ़ गई। उन्होंने तत्काल खजानी देवी के बेटे संजय पुंडीर को फोन कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। सूचना मिलने पर संजय पुंडीर मौके पर पहुंचा। कमरे का ताला तोड़कर जब परिवार के लोग अंदर दािखल हुए तो बाथरूम में खजानी देवी का शव पड़ा मिला। शव खून से लथपथ था। महिला के दाहिने गाल और गले पर धारदार हथियार से वार के गहरे निशान दिखाई दिए। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही रायवाला कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की। पुलिस के मुताबिक वारदात के तरीके और कमरे के बाहर ताला लगाए जाने की स्थिति को देखते हुए यह आशंका जताई जा रही है कि हत्यारा महिला की दिनचर्या से परिचित हो सकता है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुलिस ने बताया कि बेटे संजय की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। हत्यारे की धरपकड़ के लिए पांच पुलिस टीमें गठित की गई हैं। टीमें आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ मोबाइल कॉल डिटेल्स की भी जांच कर रही हैं। देहरादून में तीन दिन के भीतर हत्या की यह तीसरी घटना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *