त्यौहारी सीजन में व्यापारियों का नहीं होगा जीएसटी सर्वे
कार्यालय घेराव के बाद अपर आयुक्त ने किया आश्वस्त
रूद्रपुर (उद संवाददाता)। जीएसटी के विभागीय अधिकारियों द्वारा नगर में पिछले कई दिनों से व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर की जा रही छापेमारी से रोषित व्यापारियों ने आज जीएसटी विभाग कार्यालय पहुंचकर जोरदार नारेबाजी कर कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान अपर आयुक्त राज्य कर राकेश वर्मा ने व्यापारियों के बीच आकर उन्हें आश्वस्त किया कि विभाग द्वारा आगामी त्यौहारी सीजन में सर्वे कार्य नहीं किया जायेेगा। व्यापारियों का आरोप है कि अधिकारियों द्वारा जानबूझकर व्यापारियों का आर्थिक व मानसिक शोषण किया जा रहा है। उनका कहना है कि प्रदेश में बरसात के कारण विभाग की जीएसटी वसूली कम होने के कारण अब व्यापारियों पर टैक्स जमा करने का जबरन दबाव बनाया जा रहा है। जबकि अनेक व्यापारियों का पहले से ही विभाग के पास अग्रिम कर जमा है। जिसे वापस करने के लिए अधिकारी कोई कदम नहीं उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारी छापेमारी से यह साबित करना चाह रहे हैं कि व्यापारी वर्ग टैक्स चोर है और सरकार को टैक्स नहीं दे रहा है। जबकि वास्तविक स्थिति ठीक इसके विपरीत है। उन्होंने कहा कि यदि अधिकारियों द्वारा व्यापारियों का उत्पीड़न बंद नहीं किया गया तो इसके खिलाफ आन्दोलन तेज कर दिया जायेगा। उनका आरोप था कि विभागीय अधिकारी निजी स्वार्थों के चलते ऑन लाईन कारोबार करने वाली कम्पनियों के मॉल में छापेमारी नहीं करते हैं। उनका काम सिर्फ व्यापारियों का उत्पीड़न करना ही है। जिसे बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। व्यापारियों के घेराव के दौरान अपर आयुक्त राज्य कर राकेश वर्मा ने व्यापारियों के बीच आकर उन्हें आश्वस्त किया कि विभाग द्वारा आगामी त्यौहारी सीजन में सर्वे कार्य नहीं किया जायेेगा। उन्होंने कहा जिन व्यापारियों द्वारा नियमानुसार टैक्स जमा नहीं कराया जायेगा उन्हें पहले नोटिस दिया जायेगा। इस दौरान ओमप्रकाश अरोरा, राजेश बंसल, निर्मल सिंह हंसपाल, बजरंग लाल गर्ग, राजकुमार भुड्डी, संजय जुनेजा, राजीव गंभीर, बलदेव छावड़ा, हरीश अरोरा, राजकुमार सीकरी, विजय फुटेला, वरूण गर्ग, हरविन्दर सिंह, राजकुमार भुसरी, सालीगराम बंसल, वरूण तागरा, प्राण ठक्कर, सचिन गुम्बर, सुनील चुघ, प्रदीप अग्रवाल, गुलशन जुनेजा, वैभव ग्रोवर, कार्तिक, गुलशन नारंग, रमेश सिंह, वीरेन्द्र यादव, नीरज रावत, पंकज बत्र, किशन कनौजिया, अरूण अग्रवाल, मुकेश अग्रवाल, सन्नी छावड़ा, अनिल कुमार, गौरव जग्गा, सागर छावडा, अमित जैन लोहिया, विजय मिड्डा आदि व्यापारी मौजूद थे।
