किच्छा और सिरौली कला नगर पालिका में मतदान कल,डीएम ने लिया तैयारियों का जायजा
डीएम एसएसपी ने निरीक्षण कर व्यवस्थाओं देखी,दिशा निर्देश दिये
किच्छा (उद संवाददाता)। किच्छा नगर पालिका और सिरौली कला नगर पालिका के चुनाव के लिए मंगलवार को मतदान होगा। मतदान को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मतदान केंद्रों से लेकर स्ट्रांग रूम तक सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को चौबंद किया गया है। मतदान प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए हैं। सोमवार को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने नवीन फल मंडी किच्छा में बनाए गए स्ट्रांग रूम का निरीक्षण कर चुनाव तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने स्ट्रांग रूम परिसर में सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरों सहित अन्य व्यवस्थाओं को देखा और अधिकारियों से आवश्यक जानकारी ली। जिलाधिकारी ने मतदान पार्टियों की ओर से मत पेटियां जमा कराने और प्राप्त करने के लिए लगाए गए टेबल की व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा के दृष्टिगत स्ट्रांग रूम परिसर में अतिरिक्त बैरिकेडिंग कराने के निर्देश दिए, ताकि मतदान सामग्री के आवागमन के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। उन्होंने परिसर में प्रवेश और निकासी की व्यवस्था को भी व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्ट्रांग रूम परिसर में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए हाई मास्क लाइट लगाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही परिसर के बाहर वाहनों की पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा, ताकि चुनाव डड्ढूटी में लगे कार्मिकों और अन्य अधिकृत लोगों के वाहनों के कारण परिसर के आसपास यातायात प्रभावित न हो। जिला निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदान से संबंधित सभी व्यवस्थाओं को निर्धारित मानकों के अनुसार समय से पूरा रखा जाए। स्ट्रांग रूम की सुरक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही न हो और सीसीटीवी समेत सभी सुरक्षा उपकरण लगातार सक्रिय रहें। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करने को कहा। प्रशासन की ओर से मतदान को लेकर सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत की गई है। मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाओं के साथ ही मतपेटियों को सुरक्षित रखने और मतदान समाप्त होने के बाद उन्हें स्ट्रांग रूम तक पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। अधिकारियों ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान एसएसपी अजय गणपति, आरओ हिमांशु फलटिया, एसडीएम गौरव पांडेय, सहायक निदेशक मत्स्य संजय छिमवाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
