September 20, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

बाइक को टक्कर मारकर पलटा ट्रक,एक की मौत

युवती सहित दो गंभीर,हाईवे पर बिखरा सीमेंट
देहरादून (उद संवाददाता)। दिल्ली देहरादून हाईवे पर मोहब्बेवाला में रविवार सुबह सीमेंट से लदे 16 टायर के ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। इसके बाद अनियंत्रित ट्रक करीब 200 मीटर आगे जाकर पलट गया। हादसे में बाइक सवार जमील (50), निवासी छुटमलपुर, जिला सहारनपुर की मौके पर मौत हो गई, जबकि बबलू (45) और रोली (18), निवासी मोहब्बेवाला, गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद सड़क पर सीमेंट के साथ मांस के टुकड़े भी बिखरे नजर आए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हरियाणा के फरीदाबाद नंबर का ट्रक सहारनपुर से सीमेंट लेकर देहरादून की ओर आ रहा था। ट्रक आशारोड़ी से शहर की तरफ बढ़ रहा था। मोहब्बेवाला के पास उसकी बाइक से टक्कर हो गई। टक्कर के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर आगे जाकर पलट गया। दुर्घटना में हाईवे पर सीमेंट बिखर गया और यातायात बाधित हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही आईएसबीटी चौकी प्रभारी, क्लेमेंटटाउन फायर टीम और पटेलनगर पुलिस मौके पर पहुंची। हाइड्रा क्रेन की मदद से पलटे ट्रक को हटाने का काम शुरू कराया गया। इसके बाद हाईवे पर यातायात सुचारू कराने के प्रयास किए गए। मृतक की जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर उसकी पहचान जमील के रूप में हुई। पुलिस ने शव को कोरोनेशन अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है और पंचायतनामा की कार्रवाई की जा रही है। वहीं घायल बबलू और रोली को उपचार के लिए राजकीय दून चिकित्सालय भेजा गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *