November 6, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

अभिनेत्री उर्मिला सनावर की जेल से रिहाई का रास्ता साफ, शुक्रवार को आएंगी बाहर

हरिद्वार। अभिनेत्री उर्मिला सनावर को जेल से बाहर आने के लिए अब ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। तीन अलग-अलग प्राथमिकी में जमानत मिलने के बाद उनकी रिहाई का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है। बृहस्पतिवार को उनके अधिवक्ता की ओर से दोनों जमानती न्यायालय में पेश किए गए, जिन्हें कोर्ट ने स्वीकार कर लिया। वहीं, करीब दो साल पुराने एक अन्य मामले में भी सुनवाई के बाद न्यायालय ने उन्हें जमानत दे दी। हालांकि, कानूनी औपचारिकताएं समय पर पूरी नहीं हो पाने के कारण बृहस्पतिवार को उनकी रिहाई नहीं हो सकी। अब शुक्रवार को उन्हें जेल से रिहा किया जाएगा।

पांच करोड़ की रंगदारी मांगने के आरोप में हुई थी गिरफ्तारी

रानीपुर कोतवाली पुलिस ने 25 अक्टूबर को पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के आरोप में उर्मिला सनावर को सहारनपुर स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया था। इस मामले में पूर्व विधायक सुरेश राठौर की बेटी दीपिका ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

गिरफ्तारी के दिन ही पुलिस ने उर्मिला को हरिद्वार न्यायालय में पेश किया था, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया था। इस मामले में दो नवंबर को न्यायालय ने उनकी जमानत मंजूर कर ली थी, लेकिन जमानती उपलब्ध नहीं होने के कारण रिहाई की प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई थी।

कोर्ट ने जमानतियों के दस्तावेज स्वीकार किए

बृहस्पतिवार को उर्मिला सनावर की अधिवक्ता प्रीति सिंह चौहान की ओर से दोनों जमानती न्यायालय में पेश किए गए। कोर्ट ने जमानतियों के दस्तावेजों का परीक्षण करने के बाद उन्हें स्वीकार कर लिया। इसके साथ ही उनकी रिहाई की प्रक्रिया आगे बढ़ गई।

पुराने मामले में भी मिली जमानत

इसी बीच करीब दो साल पुराने एक अन्य मामले में बी-वारंट के तहत उर्मिला सनावर को जेल से न्यायालय में पेश किया गया। यह प्राथमिकी भी दीपिका राठौर की ओर से दिसंबर 2025 में दर्ज कराई गई थी।

इस मामले में भी अधिवक्ता ने उनकी जमानत के लिए पैरवी की। सुनवाई के बाद न्यायालय ने उर्मिला को इस प्राथमिकी में भी जमानत दे दी। इस तरह तीनों मामलों में कानूनी राहत मिलने के बाद उनकी जेल से रिहाई का रास्ता साफ हो गया।

शुक्रवार को जेल से होंगी रिहा

बृहस्पतिवार को देर तक चली कानूनी प्रक्रिया के चलते रिहाई का परवाना जेल प्रशासन तक पहुंचने के बावजूद निर्धारित समय में सभी औपचारिकताएं पूरी नहीं हो सकीं।

वरिष्ठ जेल अधीक्षक मनोज कुमार आर्य ने बताया कि उर्मिला सनावर की रिहाई का परवाना न्यायालय से प्राप्त हो गया है। हालांकि, समय सीमा समाप्त होने के कारण बृहस्पतिवार को उन्हें रिहा नहीं किया जा सका। शुक्रवार को आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उन्हें जेल से रिहा कर दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *