अंकिता भंडारी की मां का छलका दर्द, रोते हुए बोलीं- बेटी के इंसाफ के लिए भटक रहे हैं, बदले में मिल रहा अपमान
देहरादून/नई दिल्ली। अंकिता भंडारी हत्याकांड एक बार फिर सुर्खियों में है। दिल्ली के राजघाट पर अंकिता भंडारी के माता-पिता के साथ हुए घटनाक्रम के बाद उनकी मां सोनी देवी ने वीडियो जारी कर अपना दर्द बयां किया है। उन्होंने दिल्ली पुलिस पर अभद्र व्यवहार करने और प्रताड़ित करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
सोनी देवी ने रोते हुए कहा कि जिस मां ने अपनी बेटी को खोया है, वह आज इंसाफ की गुहार लेकर दर-दर भटकने को मजबूर है। लेकिन उन्हें इंसाफ की जगह अपमान और दुर्व्यवहार का सामना करना पड़ रहा है।
राजघाट पर पुलिस कार्रवाई से बिगड़ी तबीयत
अंकिता की मां सोनी देवी ने वीडियो में कहा कि वह यह संदेश उत्तराखंड के अपने भाई-बहनों के लिए जारी कर रही हैं। उन्होंने बताया कि अंकिता के माता-पिता किसी जरूरी काम से दिल्ली गए थे। इस दौरान वे शांति और सुकून के लिए राजघाट स्थित महात्मा गांधी की समाधि पर पहुंचे थे।
उन्हें अंदाजा नहीं था कि वहां मीडिया के लोग मौजूद होंगे। इसी दौरान मीडिया कर्मियों ने उनसे बातचीत करने की कोशिश की। सोनी देवी का आरोप है कि तभी पुलिसकर्मियों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और जबरन वहां से हटाया।
महिला पुलिसकर्मियों पर लगाए गंभीर आरोप
सोनी देवी ने आरोप लगाया कि कार्रवाई के दौरान दो महिला पुलिसकर्मियों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अस्पताल में उनकी नाक और गर्दन दबाई गई।
उन्होंने कहा, “कल से मुझे भय लग रहा है। मेरे साथ तीन बार ऐसा हो गया है। मुझे नहीं पता सरकार हमारे साथ क्या खेल खेल रही है।”
‘अगर हमारा दर्द नौटंकी है तो सरकार हमारे साथ क्या कर रही है?’
वीडियो में सोनी देवी भावुक होकर कहती हैं कि एक मां अपनी बेटी को खो चुकी है और अब न्याय के लिए संघर्ष कर रही है। इसके बावजूद उसे अपमानित किया जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस ने उनके दर्द को नौटंकी बताया। इस पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि अगर उनका संघर्ष नौटंकी है तो सरकार उनके साथ आखिर क्या कर रही है?
अंकिता हत्याकांड को लेकर फिर गरमाया माहौल
गौरतलब है कि अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर न्याय की मांग एक बार फिर तेज हो रही है। दिल्ली के राजघाट पर अंकिता के माता-पिता के पहुंचने और वहां पुलिस कार्रवाई के बाद मामला चर्चा में आ गया है।
राजघाट पर हुई घटना के बाद सोनी देवी की तबीयत बिगड़ने की बात सामने आई थी। अब उनके वीडियो के सामने आने से मामले ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया है। अंकिता के माता-पिता लगातार अपनी बेटी के लिए न्याय की मांग उठा रहे हैं।


