जल सृष्टि पार्क का सीएम धामी ने किया लोकार्पण,पेडल बोटिंग और आइलैंड बने आकर्षण का केंद्र
8.64 करोड़ रुपये की लागत से पुराने तालाब को पुनर्जीवित कर विकसित हुआ पार्क
देहरादून । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मियांवाला में मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण द्वारा लगभग 8.64 करोड़ रुपये की लागत से विकसित जल सृष्टि पार्क का लोकार्पण किया। उन्होंने क्षेत्रवासियों को नए पार्क की सौगात मिलने पर बधाई देते हुए इसे स्वच्छ, स्वस्थ और हरित देहरादून की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्क में आधुनिक सुविधाओं के साथ प्राकृतिक सौंदर्य का समन्वय किया गया है। खास बात यह है कि निर्माण के दौरान पुराने तालाब को समाप्त करने के बजाय उसका पुनर्जीवन किया गया। तालाब के मध्य आइलैंड विकसित किया गया है और लोगों के मनोरंजन के लिए पेडल बोटिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने कहा कि रायपुर क्षेत्र के लोगों को देहरादून में ही प्राकृतिक स्थल के साथ नैनीताल जैसी अनुभूति मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में जल और जंगल को जीवन और संस्कृति का अभिन्न हिस्सा माना गया है। पुराने तालाबों और जल स्रोतों का पुनर्जीवन केवल पर्यावरण संरक्षण नहीं, बल्कि अपनी विरासत और आने वाली पीढ़ियों के लिए जल एवं प्रकृति को सुरक्षित रखने का प्रयास भी है। विकास का अर्थ केवल कंक्रीट के ढांचे तैयार करना नहीं, बल्कि लोगों का जीवन सुगम बनाना, शहर को सुंदर और पर्यावरण को सुरक्षित रखना है। उन्होंने कहा कि रायपुर क्षेत्र में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, पार्क, सीवर और बाढ़ सुरक्षा से जुड़े कई कार्य आगे बढ़ाए जा रहे हैं। सड़कों के डामरीकरण, नवीनीकरण और चौड़ीकरण के साथ सीवर व्यवस्था सुधारने का कार्य जारी है। पेयजल समस्या के समाधान के लिए नए टड्ढूबवेल और ओवरहेड टैंक बनाए गए हैं तथा पुरानी पाइपलाइनों को बदलने और नई पेयजल लाइनें बिछाने का काम भी किया जा रहा है। क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में पार्कों के निर्माण और सौंदर्यीकरण के कार्य भी किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून की बढ़ती आबादी के मद्देनजर पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सौंग डैम परियोजना पर भी कार्य आगे बढ़ाया जा रहा है। बरसात के दौरान बाढ़ और जलभराव से राहत के लिए रायपुर क्षेत्र में नदियों और बरसाती नालों पर बाढ़ सुरक्षा तथा चौनलाइजेशन के कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने क्षेत्रवासियों से पार्क को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि सरकार पार्क बना सकती है और सुविधाएं उपलब्ध करा सकती है, लेकिन उसकी देखभाल करना समाज की भी साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने बच्चों और युवाओं से पार्क का अधिक से अधिक उपयोग करने तथा जलाशय और पार्क की स्वच्छता बनाए रखने का आ“वान किया। एमडीडीए द्वारा विकसित जल सृष्टि पार्क में जॉगिंग ट्रैक, योगा डेक, चिल्ड्रन पार्क, एजुकेशनल फ्रलावर गार्डन, लैंडस्केपिंग, हरित क्षेत्र और बैठने की सुविधाएं विकसित की गई हैं। पुराने तालाब के पुनर्जीवन के साथ पार्क को पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य और मनोरंजन की सुविधाओं से जोड़ा गया है। कार्यक्रम में विधायक उमेश शर्मा काऊ, मेयर सौरभ थपलियाल, एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

