September 18, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

पेड़ से भिड़ी बाइक,दो युवकों की मौत

टांडा जंगल में देर रात हुआ हादसा, रुद्रपुर के रहने वाले थे दोनों मृतक
हल्द्वानी (उद संवाददाता)। हल्द्वानी रामपुर मार्ग पर टांडा पुलिस चौकी के पास देर रात तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार फुलशुंगी रुद्रपुर निवासी चेतन चौहान (25) और नंद विहार कॉलोनी, फुलसुंगी निवासी वैभव छाबड़ा (24) की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया। मृतकों की पहचान होने के बाद उनके परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। जानकारी के अनुसार बाइक संख्या यूके 06 बीएन 8480 पर दोनों युवक देर रात हल्द्वानी रामपुर मार्ग से जा रहे थे। टांडा पुलिस चौकी के पास बाइक तेज गति में होने के कारण अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक बाइक से उछलकर सड़क किनारे झाड़ियों में जा गिरे और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सुबह घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शुरुआती दौर में दोनों युवकों की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस ने जांच के बाद उनकी पहचान चेतन चौहान और वैभव छाबरा के रूप में की। सूचना मिलने पर दोनों के परिजन अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए।चौकी प्रभारी के अनुसार पुलिस टीम ने घटना स्थल का निरीक्षण करने के साथ ही फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई है। दुर्घटना से जुड़े साक्ष्यों को भी सुरक्षित किया गया है। प्रारंभिक जांच में बाइक के तेज गति में होने के कारण अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने की बात सामने आई है। हालांकि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस बाइक की स्थिति, घटनास्थल और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दुर्घटना के कारणों का पता लगा रही है। हादसे से ठीक पहले बाइक की गति और घटनास्थल की परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *