September 6, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

97 करोड़ की विकास योजनाओं को मुख्यमंत्री की मंजूरी

देहरादून । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के विभिन्न जनपदों में विकास योजनाओं और निर्माण कार्यों के लिए करीब 97 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इन योजनाओं में मंदिरों का सौंदर्यीकरण, संपर्क मार्ग निर्माण, सरकारी आवास, सिंचाई परियोजनाएं, ऊर्जा दक्ष भवन, परिवहन विभाग की आधारभूत सुविधाएं, चारधाम यात्रा मार्गों पर हेलीकॉप्टर संचालन की सुरक्षा तथा घरेलू विद्युत उपभोक्ताओं को सब्सिडी से जुड़े कार्य शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने टिहरी जनपद के विधानसभा क्षेत्र देवप्रयाग अंतर्गत विकासखंड हिंडोलाखाल के नागचौंड शिवालय के सौंदर्यीकरण तथा विकासखंड कीर्तिनगर के खोलाकड़ाकोट स्थित डुंडेश्वर महादेव मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 1.05 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। इसके लिए पहली किस्त के रूप में 82.62 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। इसके अलावा ऊधमसिंह नगर जनपद के खटीमा विधानसभा क्षेत्र में गौरी शंकर महादेव मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण के लिए एक करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। इस योजना के लिए प्रथम किस्त के रूप में 60 लाख रुपये की धनराशि जारी किए जाने का अनुमोदन किया गया है। पिथौरागढ़ विधानसभा क्षेत्र में बेड़ा से भट्ट यानी मेल्टीनाथ तक आंतरिक संपर्क सीसी मार्ग के निर्माण के लिए 62.19 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। योजना के लिए पहली किस्त के रूप में 37.31 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। मुख्यमंत्री ने देहरादून जनपद के धौरणखास में द्वितीय श्रेणी के 36 आवासों के निर्माण के लिए 2.27 करोड़ रुपये की स्वीकृति भी प्रदान की है। वहीं नाबार्ड वित्त पोषण से संबंधित सिंचाई विभाग की 27 योजनाओं के लिए 61.76 करोड़ रुपये की योजना स्वीकृत की गई है। देहरादून स्थित उरेडा मुख्यालय में प्रस्तावित अत्याधुनिक ऊर्जा दक्ष भवन के निर्माण के लिए 16.13 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। इस योजना के लिए प्रथम किस्त के रूप में एक करोड़ रुपये की धनराशि जारी किए जाने का अनुमोदन किया गया है। नैनीताल जनपद के हल्द्वानी में संभागीय परिवहन कार्यालय से जुड़ी विभिन्न आधारभूत सुविधाओं के लिए भी वित्तीय मंजूरी दी गई है। चालक प्रशिक्षण संस्थान के लिए 9.80 करोड़ रुपये, संभागीय परिवहन कार्यालय के लिए 10.98 करोड़ रुपये तथा स्वचालित ड्राइविंग परीक्षण ट्रैक के निर्माण के लिए 4.93 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। चारधाम यात्रा मार्गों पर हेलीकॉप्टर संचालन की सुरक्षा और मौसम संबंधी वास्तविक समय की जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न हेलीपोर्ट और हेलीपैड पर स्वचालित मौसम अवलोकन प्रणाली तथा सीलोमीटर की आपूर्ति, स्थापना, परीक्षण और संचालन के लिए भी धनराशि जारी करने का अनुमोदन किया गया है। 10 करोड़ रुपये की स्वीकृत योजना के सापेक्ष अवशेष 7.56 करोड़ रुपये में से 4.78 करोड़ रुपये की धनराशि अवमुक्त की जाएगी। यह व्यवस्था तीन वर्ष की व्यापक अनुरक्षण सेवा के साथ की जाएगी। इसके साथ ही राज्य के घरेलू श्रेणी के विद्युत उपभोक्ताओं को बिजली दरों में सब्सिडी प्रदान करने के लिए प्रावधानित धनराशि के सापेक्ष 36.51 लाख रुपये की धनराशि अवमुक्त किए जाने का भी अनुमोदन प्रदान किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *