राहुल गांधी पर दर्ज FIR को वापस लेने की मांग : राष्ट्रपति से मिलेंगे कांग्रेस के SC सांसद
राज्यसभा सांसद चंद्रकांत हंडोरे कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ हल्द्वानी SSP कार्यालय पहुंचे
हल्द्वानी। नेता प्रतिपक्ष पर हल्द्वानी में दर्ज मुकदमे को लेकर कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। शनिवार को राज्यसभा सांसद और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ SSP कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने मामले के जांच अधिकारी सीओ अमित सैनी से मुलाकात कर राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज मुकदमा वापस लेने की मांग की।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सीओ हल्द्वानी को ज्ञापन सौंपते हुए राहुल गांधी पर दर्ज मुकदमे को वापस लेने की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने पूरे मामले में निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई की मांग उठाई।इस दौरान हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की सभा के बाद हुए कथित ‘शुद्धिकरण’ का मामला भी प्रमुखता से उठाया गया। राज्यसभा सांसद चंद्रकांत हंडोरे ने कथित शुद्धिकरण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
हंडोरे ने कहा कि इस तरह की घटनाओं को किसी भी स्थिति में नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाती रहेगी और दोनों मामलों में पुलिस से निष्पक्ष कार्रवाई की अपेक्षा है।कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी बड़े आंदोलन का रास्ता अपनाएगी।
हंडोरे ने बताया कि कांग्रेस के सभी SC सांसद जल्द ही इस मामले को लेकर राष्ट्रपति से भी मुलाकात करेंगे। कांग्रेस का कहना है कि राहुल गांधी पर दर्ज मुकदमे और रामलीला मैदान में कथित शुद्धिकरण, दोनों मामलों में समान रूप से निष्पक्ष कार्रवाई होनी चाहिए। कांग्रेस नेताओं ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।