जन्माष्टमी पर मुख्यमंत्री धामी ने दी शुभकामनाएं
देहरादून । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की बधाई और शुभकामनाएं देते हुए भगवान श्रीकृष्ण से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की है। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की पूर्व संध्या पर जारी संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का संपूर्ण जीवन मानवता को सत्य और न्याय के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण मानवता के सच्चे संरक्षक, मार्गदर्शक और जीवन दर्शन के प्रेरणास्रोत हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन प्रेम, त्याग, सेवा, करुणा, सद्भाव और समरसता के मूल्यों को आत्मसात करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने समाज के वंचित और उपेक्षित वर्गों के प्रति संवेदनशीलता तथा उनके कल्याण का संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि श्रीमद्भगवद्गीता में भगवान श्रीकृष्ण द्वारा दिया गया निष्काम कर्म का संदेश आज भी पूरी तरह प्रासंगिक है। गीता के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण ने मानव मात्र को अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करने तथा फल की चिंता किए बिना निरंतर कर्म करते रहने का मार्ग दिखाया। गीता में निहित भक्ति, ज्ञान, योग और कर्म का संदेश जीवन में सकारात्मकता, आत्मविश्वास और संतुलन प्रदान करता है।
