August 18, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

देहरादून में एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी शुरू

देहरादून । महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में सोमवार को एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी 2026 का शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतियोगिता के शुभारंभ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया और देश विदेश से पहुंचे खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों तथा अधिकारियों का उत्तराखंड में स्वागत करते हुए सभी प्रतिभागियों को प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के लिए यह गौरव का विषय है कि प्रदेश को एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी जैसे प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय आयोजन की मेजबानी का अवसर मिला है। इस आयोजन से उत्तराखंड की पहचान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शीतकालीन और बर्फीले खेलों के अनुकूल गंतव्य के रूप में और मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि खेल दुनिया को जोड़ने का माध्यम हैं और इस तरह के अंतरराष्ट्रीय आयोजन विभिन्न देशों के बीच मित्रता, सद्भाव और खेल भावना को मजबूत करते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जीत और हार खेल के दो पहलू हैं, लेकिन वास्तविक सफलता खेल भावना, अनुशासन, समर्पण और कभी हार न मानने वाली दृढ़ इच्छाशक्ति में निहित है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के साथ खेल भावना की मिसाल भी पेश करेंगे और उत्तराखंड से शानदार अनुभव एवं मधुर स्मृतियां लेकर लौटेंगे। उन्होंने आयोजन से जुड़े आयोजकों, प्रशिक्षकों, तकनीकी अधिकारियों और सहयोगियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे आयोजन प्रदेश के युवाओं को खेलों की ओर प्रेरित करने के साथ उत्तराखंड में खेल पर्यटन की संभावनाओं को भी नई गति प्रदान करते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों को लेकर सोच और वातावरण में व्यापक बदलाव आया है। खेलो इंडिया और फिट इंडिया अभियान ने देशभर में खेल संस्कृति को मजबूत करने का काम किया है। आज भारतीय खिलाड़ी ओलंपिक, एशियाई खेलों और विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर देश का गौरव बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भी उत्तराखंड को खेलों के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। पिछले वर्ष प्रदेश में 38वें राष्ट्रीय खेलों का सफल और भव्य आयोजन किया गया। राष्ट्रीय खेलों के माध्यम से प्रदेश में आधुनिक और विश्वस्तरीय खेल अवस्थापना का मजबूत आधार तैयार हुआ है। इसी का परिणाम है कि उत्तराखंड अब अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की मेजबानी के लिए भी सक्षम हो रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में खेल विरासत योजना लागू करने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है। इसके तहत आठ प्रमुख शहरों में 23 खेल अकादमियां स्थापित की जाएंगी, जहां खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। हल्द्वानी में प्रदेश के पहले खेल विश्वविद्यालय की स्थापना पर भी तेजी से काम चल रहा है, जबकि लोहाघाट में महिला खेल महाविद्यालय शुरू हो चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की नई खेल नीति के माध्यम से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में अवसर दिए जा रहे हैं। प्रतिभावान खिलाड़ियों को खेल छात्रवृत्ति के साथ आवासीय खेल महाविद्यालयों में निःशुल्क शिक्षा और प्रशिक्षण की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री खेल विकास निधि, मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना, मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी योजना और खेल किट योजना जैसी विभिन्न पहलों के माध्यम से खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। सरकार पारंपरिक खेलों के साथ जल क्रीड़ा, साहसिक खेल, शीतकालीन खेल और बर्फीले खेलों को भी बढ़ावा दे रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि उत्तराखंड देश ही नहीं, बल्कि दुनिया भर के खिलाड़ियों के लिए पसंदीदा खेल प्रशिक्षण केंद्र के रूप में विकसित हो। इस तरह के अंतरराष्ट्रीय आयोजन प्रदेश में खेलों के साथ पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देने में सहायक होंगे। एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी 2026 का आयोजन 17 से 20 अगस्त तक महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में किया जा रहा है। प्रतियोगिता में देश विदेश के खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। इस अवसर पर विधायक उमेश शर्मा काऊ, एशियन स्केटिंग यूनियन के अध्यक्ष म्योंग ही चांग, आइस स्केटिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष अमिताभ शर्मा, विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा, निदेशक खेल दीप्ति सिंह समेत अन्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *