August 19, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

बच्चों को मानसिक बीमार बना रहा मेटा : अमेरिका में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म मेटा पर आज शुरू होगा अब तक का सबसे बड़ा मुकदमा

नई दिल्ली। बच्चों और किशोरों की सुरक्षा को लेकर दिग्गज सोशल मीडिया कंपनी मेटा की मुश्किलें बढ़ गई हैं। फेसबुक और इंस्टाग्राम को बच्चों के लिए कथित तौर पर लत लगाने वाला बनाने और उनके मानसिक स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाने के आरोपों पर मेटा के खिलाफ अमेरिका में अब तक की सबसे बड़ी कानूनी लड़ाइयों में से एक मंगलवार से शुरू हो रही है। कैलिफोर्निया के ओकलैंड स्थित संघीय अदालत में शुरू होने वाले इस मुकदमे पर दुनियाभर की नजरें हैं। 29 राज्यों के अटॉर्नी जनरल की ओर से दायर मुकदमे में आरोप लगाया गया है कि मेटा ने फेसबुक और इंस्टाग्राम के ऐसे फीचर डिजाइन किए जो बच्चों और किशोरों को लंबे समय तक प्लेटफॉर्म पर बनाए रखने और बार-बार वापस लाने के लिए तैयार किए गए। मुकदमे में कंपनी पर बच्चों की सुरक्षा से जुड़े जोखिमों को कम करके दिखाने और 13 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के डेटा के इस्तेमाल से जुड़े संघीय कानूनों के उल्लंघन का भी आरोप है। आरोप है कि लगातार स्क्रॉलिंग, नोटिफिकेशन और एल्गोरिदम आधारित कंटेंट जैसे फीचर बच्चों को सोशल मीडिया के इस्तेमाल का आदी बना सकते हैं। इससे युवाओं के मानसिक स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ने की बात भी मुकदमे में कही गई है। अभियोजन पक्ष का दावा है कि मेटा को इन संभावित खतरों की जानकारी थी फिर भी प्लेटफॉर्म की डिजाइन में पर्याप्त बदलाव नहीं किए गए। अरबों से लेकर 1.4 ट्रिलियन डॉलर तक के नुकसान का दावा: इस मुकदमे में मेटा पर भारी आर्थिक दंड की तलवार लटक रही है। विभिन्न दावों के आधार पर संभावित नुकसान या दंड की रकम सैकड़ों अरब डॉलर से लेकर सैद्धांतिक तौर पर करीब 1.4 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच सकती है। इसके साथ ही राज्यों की ओर से फेसबुक और इंस्टाग्राम के संचालन में बड़े बदलाव की मांग भी की जा रही है। मामले की सुनवाई करीब छह से आठ सप्ताह तक चलने की संभावना है। मेटा के प्रमुख अधिकारियों से भी गवाही लिए जाने की उम्मीद है। हालांकि कंपनी ने आरोपों को खारिज करते हुए बच्चों और किशोरों की सुरक्षा के लिए किए गए अपने प्रयासों का हवाला दिया है। फैसला बदलेगा सोशल मीडिया का चेहरा? यह मुकदमा सिर्फ मेटा के लिए नहीं बल्कि पूरी सोशल मीडिया इंडस्ट्री के लिए बेहद अहम माना जा रहा है। अगर अदालत ने आरोपों को सही माना तो फेसबुक और इंस्टाग्राम के साथ-साथ बच्चों को लक्षित करने वाले दूसरे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों के डिजाइन और सुरक्षा नीतियों में बड़े बदलाव का रास्ता खुल सकता है। मेटा के खिलाफ अमेरिका में बच्चों की सुरक्षा और सोशल मीडिया की कथित लत को लेकर पहले से ही हजारों मुकदमे चल रहे हैं। ऐसे में ओकलैंड की अदालत में शुरू हो रही यह सुनवाई आने वाले समय में टेक कंपनियों की जवाबदेही तय करने वाली महत्वपूर्ण मिसाल बन सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *