August 14, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

टनल में मलबे और पानी के बीच जारी रहा रेस्क्यू अभियान : 19 श्रमिक सुरक्षित निकाले गए, तीन की तलाश जारी

राहत एवं बचाव अभियान में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, पुलिस के साथ अन्य तकनीकी और विशेषज्ञ टीमें जुटी
चमोली।
जनपद चमोली के मायापुर (पीपलकोटी) स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में मलबा और पानी भरने के बाद रातभर राहत एवं बचाव अभियान जारी रहा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार स्वयं घटनास्थल पर मौजूद रहकर रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी कर रहे हैं। टीएचडीसी की विष्णुगाड-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना की टीआरटी टनल की लंबाई करीब तीन किलोमीटर है। टनल के लगभग 1.50 किलोमीटर हिस्से में भूधंसाव के कारण मलबा और पानी भर गया, जिससे अंदर काम कर रहे श्रमिक फंस गए। प्रशासन के अनुसार, टनल में कुल 22 लोगों के फंसे होने की सूचना थी। रातभर चले राहत एवं बचाव अभियान में अब तक 19 लोगों को बाहर निकाल लिया गया है, जबकि तीन लोगों की तलाश और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान जारी है। हादसे के बाद राहत एवं बचाव कार्यों में सहयोग के लिए टनल के भीतर गए छह बचावकर्मी भी सुरक्षित बताए गए हैं।

हादसे में सात लोगों की मौत

घटना में अब तक सात लोगों की मौत की सूचना है। रेस्क्यू किए गए घायल श्रमिकों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय गोपेश्वर लाया गया है। अस्पताल में चिकित्सकों और स्वास्थ्य विभाग की टीमें घायलों के उपचार के साथ उनके स्वास्थ्य की लगातार निगरानी कर रही हैं।राहत एवं बचाव अभियान में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, पुलिस के साथ अन्य तकनीकी और विशेषज्ञ टीमें जुटी हुई हैं। टनल के भीतर मलबा और पानी अधिक होने के कारण बचाव अभियान चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। इसके बावजूद रेस्क्यू टीमें अत्यंत सावधानी और आपसी समन्वय के साथ अभियान को आगे बढ़ा रही हैं।जिलाधिकारी गौरव कुमार मौके पर अधिकारियों और रेस्क्यू टीमों से लगातार जानकारी ले रहे हैं। उन्होंने शेष तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए सभी आवश्यक संसाधनों और तकनीकी सहायता का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।प्रशासन की ओर से घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्यों के साथ-साथ घायलों के उपचार और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी लगातार की जा रही हैं। फिलहाल सभी प्रयास टनल में फंसे तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने पर केंद्रित हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *