देवप्रयाग-पौड़ी मार्ग पर दर्दनाक सड़क हादसा, खाई में गिरी बोलेरो, पांच की मौत
मुख्यमंत्री ने जताया शोक,पौड़ी घूमने जा रहा था परिवार
देहरादून, 7 अगस्त। उत्तराखंड के देवप्रयाग-पौड़ी मार्ग पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बोलेरो वाहन गहरी खाई में गिर गया। हादसे में दो बच्चों समेत पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया।जानकारी के अनुसार,उत्तराखंड के देवप्रयाग-पौड़ी मार्ग पर कुंडाधार के पास शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे में बोलेरो वाहन (UK08 BL 0387) अनियंत्रित होकर करीब 250 मीटर गहरी खाई में गिर गया। हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस, एसडीआरएफ, राजस्व और परिवहन विभाग की टीमों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया। पुलिस के अनुसार वाहन में कुल छह लोग सवार थे। रेस्क्यू अभियान के दौरान पांच शव बरामद किए गए, जबकि घायल अरमान (पुत्र अफजल), निवासी रायपुर जीतपुर, थाना कोतवाली लक्सर, जनपद हरिद्वार को खाई से सुरक्षित निकालकर बेस अस्पताल श्रीनगर भेजा गया। सभी मृतक रायपुर जीतपुर, थाना कोतवाली लक्सर, जनपद हरिद्वार के निवासी थे। पुलिस ने सभी शवों को खाई से निकालकर पोस्टमार्टम सहित आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
मृतकों की पहचान
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान इस प्रकार हुई है—
- अफजाल पुत्र अकबर सूफी (49 वर्ष)
- शब्बो पत्नी अफजाल (40 वर्ष)
- अन्नाविया पुत्री अफजाल (3 वर्ष)
- शादाब पुत्र अफजाल (14 वर्ष)
- गुफरान पुत्र अकबर (34 वर्ष)
पौड़ी घूमने जा रहा था परिवार
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक अफजाल पौड़ी में ठेकेदारी का कार्य करते थे। शुक्रवार को वह स्वयं बोलेरो चला रहे थे और अपने परिवार को लेकर पौड़ी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कुंडाधार के पास वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा।
मौके पर चला रेस्क्यू अभियान
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी पौड़ी तपेश कुमार, प्रभारी निरीक्षक पौड़ी जयपाल नेगी, थानाध्यक्ष देवप्रयाग अमरजीत सिंह रावत, पुलिस बल, एसडीआरएफ की दो टीमें, राजस्व विभाग और परिवहन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। सभी एजेंसियों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाकर घायलों और मृतकों को खाई से बाहर निकाला। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने जताया शोक
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन को घायलों के समुचित एवं त्वरित उपचार के निर्देश दिए हैं। उन्होंने आवश्यकता पड़ने पर गंभीर घायलों को एयरलिफ्ट कर उच्च चिकित्सा केंद्र भेजने के भी निर्देश दिए।मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि ईश्वर दिवंगतों की आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवारों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति दें। साथ ही उन्होंने सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
