Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

ऐतिहासिक देवीधुरा मेले की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित

चंपावत।  जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार की अध्यक्षता में 23 अगस्त से 04 सितम्बर, 2026 तक आयोजित होने वाले ऐतिहासिक माँ बाराही धाम देवीधुरा मेले की तैयारियों को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेले के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए विभिन्न विभागों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध रूप से सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि माँ बाराही धाम देवीधुरा मेला प्रदेश की धार्मिक एवं सांस्कृतिक आस्था का प्रमुख आयोजन है, जिसमें हजारों श्रद्धालु देश भर से पहुंचते हैं। ऐसे में प्रत्येक विभाग समन्वय के साथ कार्य करते हुए श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना सुनिश्चित करे।बैठक में मेला अवधि, मेला क्षेत्र के निर्धारण, मेला अधिकारी एवं मेला मजिस्ट्रेट की तैनाती सहित विभिन्न प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने पुलिस एवं प्रशासन को कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था, संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती तथा सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। यातायात व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने एआरटीओ एवं पुलिस विभाग को समन्वय के साथ ट्रैफिक प्लान तैयार करने, पार्किंग स्थलों का चिन्हीकरण, वाहन संचालन को व्यवस्थित रखने, आवश्यक डायवर्जन योजना लागू करने तथा प्रमुख मार्गों पर संकेतक एवं बैरिकेडिंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने नगर पंचायत एवं संबंधित विभागों को मेला क्षेत्र में नियमित साफ-सफाई, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, पर्याप्त संख्या में अस्थायी शौचालयों की स्थापना एवं उनकी नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही जल संस्थान को सभी प्रमुख स्थलों पर शुद्ध पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था तथा विद्युत विभाग को मेला परिसर, पार्किंग स्थलों, पैदल मार्गों एवं प्रमुख संपर्क मार्गों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
लोक निर्माण विभाग को सभी संपर्क मार्गों की मरम्मत, गड्ढों का तत्काल भरान, पैदल मार्गों को सुरक्षित बनाने तथा आवश्यक स्थानों पर दिशा संकेतक लगाने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग को मेला अवधि में दो अतिरिक्त चिकित्सकों की तैनाती, एम्बुलेंस, प्राथमिक उपचार केंद्र, आवश्यक दवाओं एवं चिकित्सा कर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। आबकारी विभाग को एल्कोमीटर के माध्यम से प्रभावी जांच अभियान संचालित करने तथा आपूर्ति विभाग को आवश्यक खाद्य सामग्री एवं दैनिक उपयोग की वस्तुओं की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त समाज कल्याण विभाग, खेल एवं साहसिक गतिविधियों, संचार व्यवस्था, आवास व्यवस्था सहित सभी संबंधित विभागों को अपने-अपने दायित्वों का समयबद्ध निर्वहन करते हुए मेला प्रारंभ होने से पूर्व सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभाग नियमित स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करें तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक श्रीमती रेखा यादव, अपर जिलाधिकारी श्री के.एन. गोस्वामी, उपजिलाधिकारी श्रीमती नीतू डागर, जिला पंचायत एएमए श्री अनिल जोशी, मुख्य कृषि अधिकारी श्री धनपत कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी श्री देवेश चौहान, मेला संयोजक श्री मोहन सिंह बिष्ट ,मेला सह संयोजक श्री जगदीश सिंघवाल, श्री राजेश बिष्ट, श्री अमित लमगड़िया, श्री लक्ष्मी दत्त जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *