पार्क ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स के साथ द मेडिसिटी हॉस्पिटल की नई शुरुआत
नई शुरुआत के अवसर पर लगा विशाल निशुल्क स्वास्थ्य शिविर, सैकड़ो लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया
रुद्रपुर। उत्तर भारत के प्रमुख अस्पताल समूह पार्क ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स ने रविवार को रुद्रपुर स्थित द मेडिसिटी हॉस्पिटल के साथ अपनी नई शुरुआत की। 330 बेड क्षमता वाला यह मल्टी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल अब कुमाऊं क्षेत्र के सबसे बड़े अस्पतालों में शामिल हो गया है। शुभारंभ के अवसर पर अस्पताल परिसर में विशाल निशुल्क मेगा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन भी किया गया, जिसमें सैकड़ों लोगों ने पहुंचकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य परीक्षण कराया और उपचार संबंधी परामर्श लिया। इस दौरान ब्लड प्रेशर, शुगर सहित कई आवश्यक जांचें निशुल्क की गईं। शुभारंभ के अवसर पर आयोजित प्रेस वार्ता में पार्क ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स के प्रेसीडेंट डॉ. संजय शर्मा ने कहा कि रुद्रपुर में द मेडिसिटी हॉस्पिटल का जुड़ना समूह के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे उत्तराखंड में पार्क ग्रुप की मजबूत उपस्थिति दर्ज हुई है और पूरे कुमाऊं क्षेत्र के लोगों को आधुनिक एवं विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं अपने शहर में ही उपलब्ध हो सकेंगी। उन्होंने कहा कि यह अस्पताल क्षेत्र में बढ़ती स्वास्थ्य सेवाओं की जरूरतों को पूरा करने में अहम भूमिका निभाएगा। डॉ. शर्मा ने बताया कि अस्पताल में कार्डियोलॉजी, न्यूरोलॉजी, ऑन्कोलॉजी, ऑर्थोपेडिक्स, गैस्ट्रोएंटरोलॉजी, क्रिटिकल केयर, नेफ्रोलॉजी, महिला एवं शिशु रोग सहित कई सुपर स्पेशियलिटी सुविधाएं उपलब्ध हैं। यहां देश के प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थानों से जुड़े विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम मरीजों का इलाज करेगी। आधुनिक चिकित्सा उपकरणों, अत्याधुनिक डायग्नोस्टिक सुविधाओं और 24 घंटे आपातकालीन सेवाओं के साथ अस्पताल साक्ष्य आधारित और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराएगा।उन्होंने बताया कि पार्क ग्रुप वर्तमान में उत्तर भारत की दूसरी सबसे बड़ी अस्पताल श्रृंखला है। समूह के 17 अस्पतालों में करीब 4300 बेड हैं। तीन नए अस्पतालों के एकीकरण और तीन मौजूदा अस्पतालों के विस्तार का कार्य भी चल रहा है। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद मार्च 2028 तक समूह की कुल क्षमता लगभग 5600 बेड तक पहुंच जाएगी।डॉ. शर्मा ने बताया कि पार्क ग्रुप की मौजूदगी दिल्ली, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पानीपत, करनाल, सोनीपत, अंबाला, मोहाली, पटियाला, बठिंडा, बहरोड़, जयपुर, आगरा, पंचकूला और रुद्रपुर सहित 15 प्रमुख शहरों में है। इसके अलावा गोरखपुर और रोहतक में भी समूह अपने अस्पतालों का विस्तार कर रहा है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2005 में डॉ. अंकित गुप्ता ने पार्क हॉस्पिटल की स्थापना की थी और आज यह समूह हजारों मरीजों को आधुनिक चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध करा रहा है। द मेडिसिटी हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. दीपक छावड़ा ने कहा कि पार्क ग्रुप से जुड़ने का उद्देश्य रुद्रपुर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। अब गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए मरीजों को बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि अस्पताल में सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पहले की तरह मिलता रहेगा। पार्क ग्रुप के सहयोग से विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़ेगी और मरीजों को एक ही छत के नीचे उच्चस्तरीय चिकित्सा सेवाएं मिल सकेंगी।शुभारंभ समारोह और स्वास्थ्य शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। अस्पताल की ओर से मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श, स्वास्थ्य परीक्षण और आवश्यक जांचों की सुविधा निशुल्क उपलब्ध कराई गई। इस अवसर पर अस्पताल के सीईओ डॉ. ब्रिगेडियर कमल नंदवानी, मीडिया प्रभारी मनीष शर्मा, एस.पी. दूबे, वरिष्ठ समाजसेवी रोहतास बत्रा,विकास बत्रा सहित चिकित्सक, अस्पताल स्टाफ और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

