Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

ऑपरेशन साथी और एआई पहल से नवाचार को मिलेगी नई उड़ानः राज्यपाल

ऑपरेशन साथी, आरोही इनक्यूबेटर और एआई न्यूजलेटर का शुभारंभ, स्टार्टअप प्रदर्शनी का भी किया अवलोकन
देहरादून । राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ;सेवानिवृत्तद्ध ने बुधवार को लोक भवन में ऑपरेशन साथी, आरोही इनक्यूबेटर और एआई न्यूजलेटर का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने परिसर में आयोजित स्टार्टअप प्रदर्शनी का अवलोकन कर नवाचार आधारित परियोजनाओं की जानकारी ली। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि ये तीनों पहलें उत्तराखंड में ज्ञान, नवाचार, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और जनभागीदारी आधारित विकास के नए युग की शुरुआत हैं। उन्होंने कहा कि 21वीं सदी कृत्रिम बुद्धिमत्ता, क्वांटम कंप्यूटिंग, साइबर प्रौद्योगिकी और उभरती तकनीकों की सदी है। ऐसे में उत्तराखंड को इस परिवर्तन का नेतृत्व करने के लिए अभी से तैयार होना होगा। उन्होंने कहा कि लोक भवन ने एआई थीम रूम और एआई ऑन व्हील्स जैसी पहलों के माध्यम से राज्य में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के प्रति जागरूकता और विश्वास का वातावरण तैयार किया है। अब ऑपरेशन साथी, आरोही इनक्यूबेटर और एआई न्यूजलेटर उसी अभियान का अगला चरण हैं। राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं में अपार प्रतिभा और मौलिक ज्ञान मौजूद है। आवश्यकता इन प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें तकनीक, अनुसंधान तथा नवाचार से जोड़ने की है। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन साथी के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों, विद्यालयों और विश्वविद्यालयों तक पहुंचकर स्थानीय समस्याओं के समाधान खोजने वाले युवाओं को आगे लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विचार को विकसित होने के लिए अनुकूल वातावरण की आवश्यकता होती है। आरोही इनक्यूबेटर युवाओं के नवाचारों को स्टार्टअप में बदलने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन, विशेषज्ञ सहयोग और संसाधन उपलब्ध कराएगा। उन्होंने स्टार्टअप प्रदर्शनी का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य के युवा कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित अनुप्रयोग विकसित कर स्थानीय चुनौतियों के समाधान प्रस्तुत कर रहे हैं, जो आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। राज्यपाल ने विश्वास व्यक्त किया कि ऑपरेशन साथी, आरोही इनक्यूबेटर और एआई न्यूजलेटर उत्तराखंड में नवाचार, स्टार्टअप, अनुसंधान और जनभागीदारी का सशक्त पारिस्थितिकी तंत्र विकसित करेंगे तथा राज्य को जिम्मेदार कृत्रिम बुद्धिमत्ता और नवाचार आधारित विकास का राष्ट्रीय मॉडल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। कार्यक्रम में टेक्नोहब के सिद्धार्थ माधव ने इन सभी पहलों की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर अपर सचिव राज्यपाल रीना जोशी, यूकॉस्ट के महानिदेशक दुर्गेश पंत, बेंगलुरु स्थित समर्थनम ट्रस्ट फॉर द डिसेबल्ड के असिस्टिव टेक्नोलॉजी एक्सेलेरेटर के निदेशक जयंत श्रीनिवास, इस्कॉन मंदिर द्वारका के उपाध्यक्ष अमोघ लीला प्रभु, विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपति तथा बड़ी संख्या में छात्र छात्राएं उपस्थित रहे। ऑपरेशन साथी के अंतर्गत प्रदेश के सभी 13 जनपदों में विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं, महिला उद्यमियों, किसानों, स्वयं सहायता समूहों, स्टार्टअप और स्थानीय नवाचारकर्ताओं से संवाद कर उनकी प्रतिभाओं और अभिनव विचारों की पहचान की जाएगी। वहीं एआई न्यूजलेटर राज्य में कृत्रिम बुद्धिमत्ता, अनुसंधान, नवाचार, स्टार्टअप, तकनीक आधारित सुशासन तथा विभिन्न संस्थानों की उपलब्धियों का दस्तावेजीकरण कर उन्हें शिक्षण संस्थानों, शोधकर्ताओं, उद्योग जगत और आमजन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा। इसके अलावा आरोही इनक्यूबेटर केंद्र युवाओं और उद्यमियों को विचार से लेकर प्रोटोटाइप, मेंटरशिप, व्यवसाय विकास, निवेशकों से संपर्क और उद्यम स्थापना तक आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराकर विशेष रूप से ग्रामीण एवं पर्वतीय क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का कार्य करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *