गहरी खाई में गिरा डंपर,दो की दर्दनाक मौत
रुद्रप्रयाग (उद संवाददाता)। रुद्रप्रयाग जिले में गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में डंपर के गहरी खाई में गिर जाने से उसमें सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा फाटा बड़ासू मोटर मार्ग पर तरसाली के समीप हुआ। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस और 108 एम्बुलेंस की टीम मौके पर पहुंची और संयुक्त राहत एवं बचाव अभियान चलाकर दोनों शवों को खाई से बाहर निकाला। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार गुरुवार रात करीब 8 बजकर 43 मिनट पर सूचना मिली कि वाहन संख्या यूके 13 सीए 0826 फाटा बड़ासू मोटर मार्ग पर तरसाली के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया है। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस और 108 एम्बुलेंस की टीमों को तत्काल घटना स्थल के लिए रवाना किया। घटनास्थल पर पहुंची बचाव टीमों ने दुर्गम और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाया।काफी मशक्कत के बाद खाई में गिरे डंपर तक पहुंचकर दोनों व्यक्तियों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। मृतकों की पहचान 45 वर्षीय संजय राणा और मोहन के रूप में हुई है। दोनों शवों को खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया गया और बाद में पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी घटनास्थल पर पहुंच गए। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही सभी संबंधित राहत एवं बचाव एजेंसियों को तत्काल मौके पर भेजा गया था। संयुक्त प्रयास से रेस्क्यू अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया गया। उन्होंने बताया कि पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर डंपर के अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरने की बात सामने आई है, हालांकि दुर्घटना के सही कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
